India News (इंडिया न्यूज), INDIA Bloc: महाराष्ट्र और हरियाणा में कांग्रेस को मिली हार के बाद इंडिया गठबंधन टूटती हुई नजर आ रही है। लगातार चुनावों में मिल रही हार की वजह से कांग्रेस की साख गिरती जा रही है। ऐसे में विपक्षी पार्टियां और इंडिया गठबंधन के घटक दल कांग्रेस के नेतृत्व स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। सबसे पहले टीएमसी और फिर आज लालू यादव ने इंडिया गठबंधन का नेतृत्व ममता बनर्जी को सौंपने की वकालत की है। इस बीच खबर आ रही है कि, इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व में बदलाव की मांग के बीच आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और एनसीपी-एसपी सुप्रीमो शरद पवार आज बैठक कर सकते हैं।
ममता बनर्जी का समर्थन कर सकते हैं शरद और केजरीवाल
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गठबंधन की कमान देने पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक में आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में इंडिया ब्लॉक की भूमिका पर भी चर्चा हो सकती है। शरद पवार ने हाल ही में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नेतृत्व क्षमता को स्वीकार किया था। उन्होंने ममता की पार्टी के प्रतिनिधियों की क्षमता पर भी जोर दिया था। शरद पवार ने पिछले सप्ताह अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा था, “हां, ममता निश्चित रूप से गठबंधन का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। वह इस देश की एक प्रमुख नेता हैं, उनमें वह क्षमता है। उन्होंने संसद में जो नेता चुने हैं, वे जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ हैं।” इससे पहले राजद प्रमुख और कांग्रेस के करीबी लालू यादव ने इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व के लिए ममता बनर्जी का समर्थन करके सभी को चौंका दिया।
ममता बनर्जी का समर्थन कर चुके हैं लालू यादव
पटना में समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए लालू यादव ने कहा, “कांग्रेस की आपत्ति का कोई मतलब नहीं है। हम ममता का समर्थन करेंगे। ममता बनर्जी को (इंडिया ब्लॉक का) नेतृत्व दिया जाना चाहिए। हम 2025 में फिर से सरकार बनाएंगे।” वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक विफल हो गया है और उन्होंने सुझाव दिया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गठबंधन की कमान संभालें।
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कही ये बात
कल्याण बनर्जी ने कहा, “हमने पहले ही कहा था कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि उसके नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक विफल हो गया है। अगर ममता दीदी को इंडिया ब्लॉक का नेतृत्व करने के लिए आगे किया गया तो अच्छा रहेगा। सभी नेताओं में ममता दीदी का नाम सबसे ऊपर है। लोकसभा के बाद ऑल इंडिया अलायंस ने जम्मू-कश्मीर (एनसी-कांग्रेस गठबंधन) और झारखंड (जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन) में जीत हासिल की। लेकिन हरियाणा और महाराष्ट्र में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उसके कई सहयोगी दलों ने भी कांग्रेस पर उनका साथ न देने का आरोप लगाया।