India News (इंडिया न्यूज),Stampede during Pandit Pradeep Mishra’s Katha: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई श्रद्धालु गिरकर दब गए। पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आज छठा दिन था। मौके पर मौजूद पुलिस बचाव कार्य में जुटी हुई है। कथा सुनने के लिए एक लाख से ज्यादा लोग मेरठ पहुंचे थे। कल कथा का आखिरी दिन है। जानकारी के मुताबिक, महिलाएं और बुजुर्ग लोग कथा सुनने पहुंचे थे। इसी बीच बाउंसरों ने उन्हें एंट्री गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद भीड़ में हाथापाई हो गई। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। इस कथा को सुनने के लिए कई वीवीआईपी भी मेरठ पहुंचे हैं। कथा का आयोजन मेरठ के शताब्दीनगर में किया जा रहा है।
अफरा-तफरी का माहौल
भगदड़ के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। अधिकारियों ने अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। शांति बनाए रखें। वहीं भगदड़ के बाद आयोजक भी सतर्क नजर आए और भीड़ को शांत करने का प्रयास करते नजर आए।शताब्दीनगर में श्री केदारेश्वर सेवा समिति द्वारा इस कथा का आयोजन किया जा रहा है। 15 दिसंबर से कथा हो रही है। कथा दोपहर 1 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलती है। कथा सुनने के लिए हर दिन लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजकों द्वारा वाहनों को पार्क करने के लिए 7 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वहीं मौके पर करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात हैं।
आयोजकों के मुताबिक श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पानी, भोजन व अन्य सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। कथा पंडाल व आसपास के इलाकों पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा के मुताबिक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने सभी इंतजाम किए थे। कथा के चलते ट्रैफिक को भी डायवर्ट किया गया है।
कौन हैं पंडित प्रदीप मिश्रा?
पंडित प्रदीप मिश्रा कथावाचक हैं। वह मध्य प्रदेश के सीहोर के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम रामेश्वर मिश्रा है। उनकी मां का नाम सीता देवी है। प्रदीप मिश्रा की शुरुआती पढ़ाई सीहोर से हुई है। उन्होंने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है। लेकिन धार्मिक कार्यों में रुचि के चलते वे कथावाचक बन गए। हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने वृंदावन की राधा रानी के बारे में कुछ तथ्यात्मक रूप से गलत कहा था, जिसका संत प्रेमानंद ने विरोध किया था। इसके बाद पंडित प्रदीप मिश्रा मथुरा पहुंचे और राधा रानी से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी।