India News (इंडिया न्यूज), Alka Lamba on Kejriwal: दिल्ली चुनाव नतीजों में इस बार भी कांग्रेस के लिए कुछ नया नहीं रहा। 2020 के चुनाव जैसी ही कहानी रही। पार्टी का खाता भी नहीं खुला। हालांकि, पार्टी के लिए संतोष की बात यह रही कि उसका वोट शेयर थोड़ा बढ़ा है। हार के बाद भी कालकाजी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को सीधे चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अब हम आपसे कहते हैं कि हो सके तो आप अपने 22 जीते हुए विधायकों को बचा लीजिए। आपकी तानाशाही कोई बर्दाश्त नहीं करेगा।
हो सके तो 22 विधायकों को बचा लीजिए
अलका लांबा ने कड़े तेवर दिखाते हुए केजरीवाल को सीधे चुनौती दी। उन्होंने कहा कि नतीजों से पहले केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि उनके विधायकों को 15-15 करोड़ का ऑफर मिला है, अब मैं कहती हूं कि अगर आप अपने 22 विधायकों को बचा सकते हैं तो बचा लीजिए। अलका लांबा ने कहा कि आप हर बार झूठ बोलते हैं। पार्टी पर आपकी पकड़ भी कमजोर हुई है, हो सके तो पंजाब को भी बचा लीजिए। अब आपकी ब्लैकमेलिंग और तानाशाही कोई बर्दाश्त नहीं करेगा।
‘हमने कुछ नहीं खोया’
कालकाजी सीट से कांग्रेस की तीसरे नंबर की उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस ने पहले से बेहतर प्रदर्शन किया है, हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा है। आप चुनाव हार गई, उन्होंने सब कुछ खो दिया और हमने कुछ नहीं खोया। भाजपा सरकार बनाने में सफल रही, लेकिन सबसे बड़ी हार आप की हुई है। आपको बता दें कि आतिशी कालकाजी सीट से अपनी सीट बचाने में सफल रहीं। उन्होंने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3521 वोटों के अंतर से हराया। तीसरे नंबर पर रहीं अलका लांबा को महज 4392 वोट मिले। आतिशी को कुल 52154 वोट मिले और रमेश बिधूड़ी को 48633 वोट मिले।