India News (इंडिया न्यूज), Amarnath Yatra 2024: भोलेनाथ के भक्तों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। इस साल अमरनाथ यात्रा 29 जून 2024 से शुरू होने जा रही है। इस दिन भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अपनी यात्रा शुरू करेंगे। अमरनाथ की यात्रा बहुत कठिन मानी जाती है। इसके बावजूद हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आते हैं। श्राइन बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक इस साल अमरनाथ यात्रा 29 जून 2024 से शुरू होगी और 19 अगस्त 2024 को खत्म होगी।
अमरनाथ यात्रा 2024 के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
अमरनाथ यात्रा 2024 के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल 2024 से शुरू हो गए हैं। पंजीकरण के लिए एक फोटो, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी जैसी महत्वपूर्ण चीजों की आवश्यकता होगी। वहीं, यात्रियों को अपने साथ स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी रखना होगा। ध्यान रहे कि स्वास्थ्य प्रमाण पत्र इस वर्ष 8 अप्रैल के बाद का बनवाना चाहिए। कृपया ध्यान दें कि गर्भवती महिलाएं, 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोग और 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चे अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण नहीं करा सकते हैं। अमरनाथ यात्रा से जुड़ी अधिक जानकारी आधिकारिक वेबसाइट- jksasb.nic.in से प्राप्त की जा सकती है।
किसने किया था सबसे पहले बाबा बर्फानी का दर्शन?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महर्षि भृगु सबसे पहले अमरनाथ गुफा के दर्शन करने आए थे। कहा जाता है कि जब कश्मीर घाटी जलमग्न हो गई तो महर्षि कश्यप ने नदी-नालों के माध्यम से पानी को बाहर निकाला। उस दौरान, ऋषि भृगु हिमालय की यात्रा पर उसी मार्ग से आए थे और तपस्या के लिए एकांत निवास की तलाश में थे। फिर उन्होंने बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन किये। कहा जाता है कि इसके बाद अमरनाथ यात्रा शुरू हुई।