India News (इंडिया न्यूज), Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है। कड़ाके की ठंड में भी सियासी पारा चढ़ा हुआ है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी फूंक-फूंककर कदम रख रही है। दिल्ली का चुनाव जीतने के लिए बीजेपी हरसंभव प्रयास कर रही है। हम आपको जानकारी के लिए बता दें कि, 58 उम्मीदवार उतार चुकी भाजपा बाकी बची 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम से चौंका सकती है। इसमें सबसे प्रमुख पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की दिग्गज नेत्री स्मृति ईरानी का है। बताया जा रहा है कि, पार्टी उन्हें दिल्ली कैंट या ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बना सकती है। उनकी उम्मीदवारी दिल्ली विधानसभा चुनाव को और दिलचस्प बना सकती है।
लोकसभा चुनाव 2024 हार गईं थीं स्मृति ईरानी
हम आपको जानकारी के लिए बता दें कि, स्मृति ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के अमेठी लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराया था, हालांकि 2024 में वह खुद चुनाव हार गई हैं। इससे पहले ईरानी ने वर्ष 2009 में दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से चुनाव में किस्मत आजमाई थी। भाजपा ने हॉट सीट पर बड़े चेहरे को मौका दिया। शानदार भाषण देने का उनका कौशल और लोकप्रिय चेहरा होना कार्यकर्ताओं में और अधिक उत्साह भरेगा। इसके साथ ही उन्हें भाजपा का चेहरा भी माना जाएगा। इस बार चुनाव में सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने हर प्रमुख सीट पर बड़े चेहरे उतारे हैं।
इन सीटों पर देखने को मिलेगा दिलचस्प मुकाबला
नई दिल्ली से आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा के चुनाव लड़ने से कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। तो वहीं, कालकाजी में सीएम आतिशी के खिलाफ पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी के मैदान में उतरने से इस सीट पर सियासी मुकाबला कड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि, स्मृति ईरानी को ग्रेटर कैलाश सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। हालांकि, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को किस सीट से उतारा जाएगा, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज को चौथी बार विधानसभा जीतने से रोकने के लिए भाजपा उनके खिलाफ कोई मजबूत चेहरा उतारना चाहती है। भारद्वाज 2013 से ग्रेटर कैलाश क्षेत्र से आप विधायक चुने जाते रहे हैं।
कड़ाके की ठंड का दहश्त! कांप रहा पूरा देश, झेलनी पड़ सकती है शीतलहर की मार, जानें आज का वेदर अपडेट