India News (इंडिया न्यूज), FIR against Arvind Kejriwal: दिल्ली में बुधवार को मतदान होना है। इस बीच मुख्यमंत्री आतिशी के कार्यालय में काम करने वाले गौरव को गिरिखंड नगर में 5 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया व्यक्ति सीएम आतिशी के कार्यालय में काम करता है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। इस मामले में शाहाबाद निवासी जगमोहन मनचंदा की शिकायत पर केजरीवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 192, 196 (1), 197 (1), 248 (ए) और 299 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
जगमोहन मनचंदा ने अपनी शिकायत में कहा, आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने बयान से हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को भड़काया है। उन्होंने दो राज्यों के लोगों को भी भड़काया है। केजरीवाल ने कहा, दिल्ली के लोगों को पीने का पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। पीने का पानी यमुना के जरिए हरियाणा में आता है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने यमुना से आने वाले पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज दिया है।
अगर वह पानी दिल्ली में घुस जाता तो…
शिकायत में केजरीवाल के बयान का हवाला देते हुए कहा गया है कि अच्छी बात यह रही कि हमारे दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियर ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने उस पानी को दिल्ली की सीमा पर ही रोक दिया और दिल्ली में नहीं घुसने दिया। अगर वह पानी दिल्ली में घुस जाता और पीने के पानी में मिल जाता तो भगवान जाने दिल्ली में कितने लोग मर जाते। अगर यह पानी, जिसे हरियाणा की भाजपा सरकार ने दिल्ली भेजा है, दिल्ली में घुस जाता तो सामूहिक नरसंहार हो जाता।
बिना सबूत के गंभीर और भड़काऊ बयान
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ‘यमुना के पानी में जहर’ वाले बयान पर चुनाव आयोग ने भी उन्हें आरोपों पर सबूत पेश करने के निर्देश दिए थे। भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस का भी आरोप है कि केजरीवाल ने बिना सबूत के गंभीर और भड़काऊ बयान दिया, जिससे जनता में डर और तनाव पैदा हो सकता है। इस पर चुनाव आयोग ने 29 जनवरी तक जवाब मांगा था।
दिल्ली चुनाव के बीच यमुना जल विवाद देश की राजधानी से लेकर हरियाणा तक सुर्खियों में है। हाल ही में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था, केजरीवाल झूठा प्रचार कर अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। सीएम सैनी ने यह बात दिल्ली चुनाव में भाजपा उम्मीदवार मनोज शौकीन के समर्थन में नांगलोई में एक जनसभा के दौरान कही।