Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी मार्लेना को केजरीवाल सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। दोनों मंत्री गुरुवार, 9 मार्च को शपथ लेंगे। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोनों को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। सूत्रों से इस बात की जानकारी मिली है कि सौरभ भारद्वाज और आतिशी मार्लेना को उपराज्यपाल 9 मार्च को शपथ दिलाएंगे। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे के बाद दोनों के पद खाली हो गए थे। जिसके बाद आज देश की राष्ट्रपति ने दोनों को दिल्ली कैबिनेट में मंत्रियों के रूप में नियुक्त किया।
राष्ट्रपति ने सिसोदिया-जैन का इस्तीफा किया स्वीकार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से जेल में बंद सिसोदिया और जैन ने 28 फरवरी को अरविंद केजरीवाल कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था। इसे लेकर गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि “दिल्ली के मुख्यमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया।”
दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में बतौर मंत्री होंगे शामिल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सिफारिश पर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से दिल्ली कैबिनेट में मंत्रियों के रूप में नियुक्तियों के लिए सौरभ भारद्वाज और आतिशी के नामों की सिफारिश की थी। दोनों मंत्री 9 मार्च को शपथ ग्रहण करने के बाद 17 मार्च से शुरू होने वाले दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में बतौर मंत्री शामिल होंगे।
Also Read: बांग्लादेश के ढाका में भीषण विस्फोट, 14 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा घायल