India News (इंडिया न्यूज़), Cyclone Biparjoy, नई दिल्ली: भारत के तट पर चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय के पहुंचने में अभी दो दिन का समय है। मगर अभी से चक्रवात ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मुंबई से लेकर केरल के तट तक चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय के कारण समंदर में तूफानी लहरें उठ रही हैं। इसका सबसे अधिक असर गुजरात में होने की आशंका है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी कि IMD ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच राहत भरी खबर ये है कि IMD ने बिपरजॉय चक्रवात को अति गंभीर तूफान कैटेगरी से डाउनग्रेड करके बेहद ही गंभीर तूफान घोषित कर दिया है। IMD के मुताबिक, आज मंगलवार, 13 जून को सुबह करीब 6 बजे चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय गुजरात के पोरबंदर तट से करीब 290 किलोमीटर दूर अरब सागर में मौजूद है।

कच्छ से लेकर मुंबई तक अलर्ट

मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, मंगलवार, 13 जून को सुबह करीब 6 बजे बिपरजॉय गुजरात के पोरबंदर तट से करीब 290 किलोमीटर की दूरी पर अरब सागर में मौजूद है। बता दें कि 15 जून की शाम तक बिपरजॉय पाकिस्तान के कराची और गुजरात के मांडवी के बीच से सौराष्ट्र और कच्छ को पार करने का अनुमान है। कच्छ से लेकर मुंबई तक IMD ने अलर्ट घोषित कर दिया है।

समुद्र में मछुआरों के जाने पर रोक

गुजरात के उत्तरी और दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में मछली पकड़ने संबंधी गतिविधियों पर IMD ने रोक लगा दी है। वहीं एनडीआरएफ की 12 टीम तैनात हैं। साथ ही 15 और टीम तैयार है। चक्रवात बिपरजॉय की स्थिति की केंद्रीय गृह मंत्रालय लगातार समीक्षा कर रहा है।

दो दिनों तक होगी भारी बारिश

IMD के मुताबिक, गुजरात के तटीय जिलों कच्छ, जामनगर और देवभूमि द्वारका में बुधवार और गुरुवार को भारी वर्षा होगी। साथ ही राजकोट, पोरबंदर, जूनागढ़ और मोरबी में भी कुछ स्थानों पर भी बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। तूफान को लेकर चेतावनी जारी होने के बाद गुजरात के कई बंदरगाहों को बंद कर दिया गया है।

Also Read: कांग्रेस नेता राजेश लिलोठिया की पत्नी की सड़क हादसे में मौत, आरोपी गिरफ्तार