Mumbai Crime: दिल दहला देने वाले दिल्ली के ‘श्रद्धा मर्डर केस’ (Shraddha Murder Case) के बाद मुंबई की भी एक लड़की को जान से मारने की कोशिश की गई है। बता दें कि इस मामले में दहिसर पुलिस ने गुरुवार को एक युवक को गिरफ्तार भी कर लिया है। इस मामले में पुलिस के मुताबिक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को टंकी से धक्का दे दिया। इसके बाद लड़की करीब 18 फीट नीचे गिर गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां लड़की की हालत गंभीर बताई गई है।
घटना के समय नशे मे थे दोनों
आपको बता दें, पुलिस ने बताया कि लड़का और लड़की लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हैं और एक-दूसरे को करीब 10 साल से जानते हैं। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और लड़की को लड़के ने धक्का मार दिया। इस घटना के वक्त दोनों नशे में थे। पुलिस के मुताबिक, लड़की मुंबई में कॉल सेंटर में काम करती है। आरोपी लड़के का नाम अमय दरेकर और लड़की का नाम प्रियांगी सिंह है। दोनों कॉलेज के समय से एक-दूसरे को जानते हैं। फिलहाल इस मामले में दहिसर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
जीरो पर दर्ज हुई एफआईआर
मुंबई पुलिस जोन 12 की डीसीपी स्मिता पाटिल ने बताया कि 13 नवंबर को दिंडोशी पुलिस स्टेशन इलाके में एक लड़की के साथ मारपीट का मामला सामने आया। दिंडोशी पुलिस ने जीरो के तहत एफआईआर दर्ज कर दहिसर पुलिस को ट्रांसफर किया। इसके बाद दहिसर पुलिस ने अटैंप टू मर्डर का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।