India News (इंडिया न्यूज), Bullets Fired At Golden Temple : पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर परिसर में गोलियां चलाई गईं हैं, यहां पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल सहित शिरोमणि अकाली दल के नेता श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से घोषित धार्मिक दंड के तहत 2 दिसंबर को ‘सेवा’ कर रहे थे। इसी दौरान उन पर फायरिंग हुई है। इस फायरिंग में सुखबीर सिंह बादल बाल-बाल बच गए हैं। इस घटना का वीडियो भी सामने आ गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कैसे एक शख्स अपनी जेब से गन निकाल रहा है। गन को देखते ही दूसरा शख्स हमलावर को पकड़ लेता है इसी बीच फायरिंग हो जाती है, जिससे वहां पर भगदड़ जैसे हालात हो जाते हैं।
कब और कैसे हुआ
ये पूरी घटना तब हुई जब अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल दरबार साहिब के गेट पर दरबान के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे। तभी दबे पांव एक शख्स आगे बढ़ते हुए जेब से पिस्तौल निकाल कर उनकी तरफ तान देता है। तभी सुखबीर सिंह के बगल में खड़े सेवादारों में से एक आगे बढ़ता है और हमलावर को रोकता है। जब तक वह रोक पाता, तब तक फायरिंग हो जाती है. गनीमत यह रही कि यह मिसफायर हो गई और इसमें किसी को कुछ नहीं हुआ। अभी तक की जानकारी के अनुसार सुखबीर सिंह भी शुरक्षित हैं।
हमलावर के खालिस्तान से जूड़े होने की खबरें
स्वर्ण मंदिर परिसर में हुई फायरिंग में खालिस्तान का नाम सामने आ रहा है। हमलावर का नाम नारायण सिंह चौड़ा बताया जा रहा है। नारायण सिंह चौड़ा इससे पहले खालिस्तानी गतिविधियों में शामिल रहा है। आरोपी हमलावर पर पहले भी कई हिंसक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप है। फिलहाल, पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और गोलीबारी का मकसद जानने में जुटी है। बेअदबी मुद्दों पर सिखों की सर्वोच्च अदालत श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा को निभाने के लिए सुखबीर बादल आज दूसरे दिन श्री दरबार साहिब में सेवा दे रहे थे।