India News (इंडिया न्यूज़), Aaj ka Mausam: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली से लेकर यूपी, पंजाब, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में ठंड ने लोगों के जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दिनभर शीतलहर और सुबह-शाम घना कोहरा लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर रहा है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक यह कड़ाके की ठंड जारी रहेगी और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा सकता है।
दिल्ली में आज भी घना कोहरा छाया रहेगा, जिसके चलते विजिबिलिटी लगभग शून्य हो सकती है। इसके चलते हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। शुक्रवार को ही 150 से ज्यादा फ्लाइट और 26 ट्रेनें देरी से चलीं। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान और गिर सकता है और सुबह-शाम ठंड बढ़ने की संभावना है।
उत्तर भारत का मौसम
कोहरे और शीतलहर का असर उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और बिहार में भी दिख रहा है। पंजाब के अमृतसर में घना कोहरा और ठंड जारी है, जबकि राजस्थान के कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। वहीं, बिहार के कई जिलों में पाला पड़ने और घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल और उत्तराखंड
11 और 12 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। पहाड़ी इलाकों में पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जाएगा।
पंजाब में सर्दी और कोहरा
पंजाब के अमृतसर और आसपास के इलाकों में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया हुआ है, जिसकी वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है। खासकर फाजिल्का, पटियाला और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब में सुबह और शाम को तेज हवाओं के साथ कोहरा छाया रहेगा।
हरियाणा में कोहरा और ठंड
हरियाणा के रोहतक और आसपास के जिलों में घना कोहरा और शीतलहर जारी है। अंबाला, हिसार, करनाल और सिरसा में तापमान 3 से 8 डिग्री के बीच रहा, जिससे लोगों को बाहर निकलने में दिक्कत हो रही है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
राजस्थान का मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। 10 और 11 जनवरी को जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और भरतपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से ठंड बढ़ने की संभावना है।
बिहार में कोहरा और ठंड
बिहार में सर्दी का असर जारी है और पटना, दरभंगा, समस्तीपुर जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 12 जनवरी तक हल्की बारिश की भी संभावना है।
मुंबई में हल्की ठंड
उत्तर भारत में पड़ रही ठंड का असर महाराष्ट्र के मुंबई में भी दिख रहा है। मुंबई में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम 31 डिग्री के आसपास रहेगा। यहां प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा है, लेकिन राहत के कोई खास संकेत नहीं हैं। हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 और 12 जनवरी को बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। इन इलाकों के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।