India News (इंडिया न्यूज), Delhi Election Result: दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ रहे हैं। अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। वहीं, 10 साल से सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) बुरी तरह हारती दिख रही है। इस बीच ‘आप’ में हलचल मच गई है। चुनावी हार को देखते हुए आम आदमी पार्टी में अंदरूनी कलह की खबरें सामने आ रही हैं।इस बीच खबर सामने आ रही है कि, मनीष सिसोदिया की हार हो गई है।
आप की करारी हार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचे हैं। जिसमें राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि, चुनाव नतीजों को लेकर केजरीवाल के घर पर बड़ी बैठक हो रही है। आपको बता दें कि, आम आदमी पार्टी को 2015 और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली थी। 2015 के चुनाव में जहां आप ने 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, 2020 के दिल्ली चुनाव में AAP ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की।
मनीष सिसोदिया की हार
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) ने न सिर्फ सत्ता खो दी है, बल्कि उसके दिग्गज नेताओं को भी हार का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और अरविंद केजरीवाल के करीबी मनीष सिसोदिया जंगपुरा विधानसभा सीट से हार गए हैं। उन्हें भाजपा उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवाह ने हराया है। सिसोदिया पटपड़गंज सीट से दो बार विधायक रहे। 2020 में उन्होंने बहुत कम अंतर से जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी ने उन्हें जंगपुरा से टिकट दिया। अब वह यहां भी हार गए हैं। विधानसभा चुनाव में हार पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि जंगपुरा विधानसभा चुनाव हम सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर लड़ा था। हम 600 वोटों से पीछे रह गए। मैं जीतने वाले उम्मीदवारों को बधाई देता हूं।