India News (इंडिया न्यूज), Who Is Next Delhi Deputy CM: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने की तैयारी कर रही है। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री कौन होगा। चर्चा है कि विधायकों में से किसी एक को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। जबकि पूर्वांचल से किसी महिला को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि, अब प्रवेश वर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसको लेकर भाजपा ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दिल्ली की सत्ता के लिए भाजपा जाट, पूर्वांचली, सिख, महिला और दलितों पर भरोसा कर सकती है।
इन महिला विधायकों का भी चल रहा नाम
भाजपा से इस बार 4 महिला विधायक बनी है। इनमें से किसी को भी मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री बनाकर भाजपा सबको चौंका सकती है। इन महिला विधायकों में दिल्ली की शालीमार बाग सीट से रेखा गुप्ता, ग्रेटर कैलाश से शिखा रॉय, नजफगढ़ से नीलम पहलवान और वजीरपुर से पूनम शर्मा विधायक बनी हैं। इनमें रेखा गुप्ता का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। महिला उपमुख्यमंत्री की दावेदारी इसलिए मजबूत मानी जा रही है क्योंकि इस बार दिल्ली में 43 फीसदी महिलाओं ने भाजपा को वोट दिया है। यह पिछली बार से आठ फीसदी ज्यादा है। ऐसे में उन्हें खुश करने के लिए महिला उपमुख्यमंत्री बनाई जा सकती है।
पूर्वांचल से जुड़े इन नेताओं का नाम आगे
तो वहीं, दूसरी तरफ पूर्वांचल से नेताओं में कपिल मिश्रा, अभय वर्मा, पंकज सिंह और चंदन चौधरी शामिल हैं। पूर्वांचल से जो नाम सबसे आगे चल रहा है, वह कपिल मिश्रा हैं। आपको बता दें कि, कपिल मिश्रा का गोरखपुर से नाता है। कपिल मिश्रा की मां बीजेपी की पुरानी नेता रही हैं। कपिल मिश्रा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आम आदमी पार्टी से की थी। दरभंगा से लक्ष्मी नगर विधायक अभय वर्मा भी मजबूत दावेदार हैं, क्योंकि उनका आरएसएस से नाता है। वह पार्टी के पुराने नेता हैं।
सिख और जाट समुदाय पर भी दाव लगा सकती है भाजपा
सिख और जाट समुदाय से ये नेता चर्चा में इसके अलावा सिख समुदाय से मनजिंदर सिंह सिरसा, अरविंदर सिंह लवली और तरविंदर सिंह मारवाह के नाम भी चर्चा में हैं। इसी तरह जाट समुदाय से प्रवेश वर्मा का नाम सीएम पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, अभी सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे हैं। सीएम और डिप्टी सीएम के नामों की घोषणा पीएम मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद ही की जाएगी।