India News (इंडिया न्यूज़), Elephants Day: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि, भारत जंगली एशियाई हाथियों की सबसे बड़ी आबादी का घर है। हाथियों को संरक्षित करके दुनिया के सामने नजीर स्थापित करने के लिए प्रयास कर रहा है। इसमें स्थानीय समुदायों की मदद से वन भूमि पर उनके भोजन की व्यवस्था के साथ संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है।
भारत के हाथी गलियारों का रोडमैप भी किया
ओडिशा में आयोजित विश्व हाथी दिवस समारोह पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव कहते हैं कि, जंगली एशियाई हाथियों की सबसे बड़ी आबादी के साथ, भारत इस प्रजाति के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने परियोजना हाथी की ओर से तैयार भारत के हाथी गलियारों का रोडमैप भी जारी किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में हाथी संचालन समिति की 19वीं बैठक भी हुई।
देश में 150 हाथी गलियारें हैं: भूपेंद्र यादव
मंत्री कहते हैं कि, दो वर्षों में देश में हाथी रिजर्व नेटवर्क 76,508 वर्ग किमी से बढ़कर 80,777 वर्ग किमी हो गया है, जिसमें 33 हाथी रिजर्व शामिल हैं। मंत्रालय ने पहली बार पूरे देश में हाथी रिजर्वों का प्रबंधन प्रभावशीलता एवं मूल्यांकन करने का काम शुरू किया है। आगे कहा कि, हाथी रिजर्व के लिए प्रबंधन प्रभावशीलता एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को संचालित करने के लिए देश के चार हाथी बहुल क्षेत्रों में चार हाथी रिजर्व की पहचान की गई है। देश में 150 हाथी गलियारें हैं जो इस विशाल जीव के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह करते हैं।