India News(इंडिया न्यूज), Vande Bharat Train | Manohar kesri: वंदे भारत ट्रेन में चल रहे यात्रियों की संख्या को लेकर बुधवार को केरल कांग्रेस ने X अकाउंट में लिखा कि हमने ‘वंदे भारत’ का बुलबुला फोड़ने फैसला किया है। इसने आईआरसीटीसी बुकिंग डाटा को पोस्ट और विश्लेषण करने की बात करते हुए कहा है कि 50% से अधिक वंदे भारत या तो खाली या आंशिक रूप से भरी सीटों के साथ चल रही है।
साथ ही लिखा कि इस ट्रेन प्रस्थान से कुछ घंटे पहले आईआरसीटीसी से प्राप्त यह डाटा, तत्काल बुकिंग को छोड़कर, पूरी तरह से सामान्य श्रेणी पर केंद्रित है। छुट्टियों के मौसम के कारण देश भर में परिवारों के बीच यात्रा में वृद्धि होने के बावजूद, वंदे भारत के लिए बुकिंग आश्चर्यजनक रूप से कम है। इसके अलावा, यह आंकड़े आर्थिक असमानताओं के संबंध में चिंताजनक है। आर्थिक रूप से वंचित क्षेत्र इन महंगी सेवाओं तक पहुंचने के लिए संघर्ष करते हैं। केरल कांग्रेस के इस पोस्ट का मतलब ये है कि रेल मंत्रालय झूठ बोलता है, वंदे भारत ट्रेन खाली चल रही है और आम जनता की पहुंच से दूर है।
NavneetRana: नवनीत राणा के 15 सेकेंड वाले बयान पर मचा बवाल, जानें जनता की राय
कांग्रेस पर पलटवार
वहीं, कांग्रेस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी अपने x अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस के झूठ का बुलबुला फोड़ने का समय आ गया है। 7 मई को वंदे भारत ट्रेनों की ऑक्यूपेंसी 98% रही। वित्त वर्ष 2024-25 में (7 मई तक) ऑक्यूपेंसी 103% है।
क्या कांग्रेस चाहती है वंदे भारत बंद हो?
देशभर में वंदे भारत ट्रेनों की 102 सेवाएँ चल रही है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, वंदे भारत ट्रेनों की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 31 मार्च, 2024 तक 2 करोड़ 15 लाख से अधिक लोग इससे यात्रा कर चुके हैं। 07 मई 2024 को वंदे भारत ट्रेनों की ऑक्यूपेंसी 98% थी। वित्त वर्ष 2024-25 में 7 मई तक औसत ऑक्यूपेंसी 103% होने के साथ वंदे भारत ट्रेन सेवाओं को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान वंदे भारत ट्रेनों की कुल ऑक्यूपेंसी 96% से अधिक रही। देश के कुल 284 जिले वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवा से जुड़ चुके हैं जो मेक इन इंडिया व आत्मनिर्भरता भारत का बेहतरीन उदाहरण है।