India News (इंडिया न्यूज़), RKS Bhadauria Joins BJP: देश में लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चूका है। सभी राजनीतिक दल चुनाव जीतने के लिए तरह-तरह के वादे कर रहे हैं। वहीं टिकट न मिलने या कटने की वजह से कई नेता दल भी बदल रहे हैं। इस बीच आगामी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) आरकेएस भदौरिया ने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में पूर्व वायुसेना प्रमुख ने रविवार (24 मार्च) को बीजेपी का दामन थामा। चुनाव आयोग ने पहले ही लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान कर दिया है। जिसके मुताबिक, मतदान की प्रक्रिया 19 अप्रैल से शुरू होकर 1 जून को खत्म होगी। वहीं मतगणना 4 जून को होगा।
राफेल विमान लाने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
बता दें कि वायुसेना प्रमुख के पद से आरकेएस भदौरिया सितंबर 2021 में रिटायर हुए थे। जिसके बाद उनकी जगह एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी को वायुसेना प्रमुख बनाया गया। भदौरिया ने 30 सितंबर, 2019 से लेकर 30 सितंबर, 2021 तक देश के वायुसेना प्रमुख पद पर रहे थे। उन्होंने भारत को राफेल जेट दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। भाजपा में शामिल होने के बाद एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) आरकेएस भदौरिया ने कहा कि मैं एक बार फिर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर देने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। मैंने चार दशकों से ज्यादा समय तक भारतीय वायुसेना की सेवा की। परंतु, मेरी सेवा का सबसे अच्छा समय भाजपा सरकार के नेतृत्व में पिछले 8 साल रहे।
सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया
भाजपा नेता आरकेएस भदौरिया ने आगे कहा कि हमारी सशस्त्र सेनाओं को सशक्त एवं आधुनिक बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस सरकार के जरिए उठाए गए सख्त कदमों ने न केवल सेनाओं में एक नई क्षमता को पैदा किया है, बल्कि उन्हें एक नया आत्मविश्वास भी दिया है। सरकार के आत्मनिर्भर कदम के नतीजे जमीन पर देखे जा सकते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सरकार के द्वारा जो कदम उठाए जा रहे हैं वो बेहद अहम है। साथ ही भारत को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा पूर्व वायुसेना प्रमुख को उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा सकती है। वर्तमान में इस सीट से जनरल वीके सिंह बीजेपी से सांसद हैं।