India News (इंडिया न्यूज), Sushil Modi Dies: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी का सोमवार (13 मई) को 72 साल की उम्र में निधन हो गया। सुशील कुमार मोदी ने इस साल अप्रैल में खुलासा किया था कि वह कैंसर से पीड़ित हैं। साथ ही अपने खराब स्वास्थ्य के कारण वह 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। बता दें कि पूर्व राज्यसभा सांसद का पार्थिव शरीर मंगलवार (14 मई) को पटना के राजेंद्र नगर में स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा। वहीं दिन में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लालू ने अपने पुराने मित्र को दी श्रद्धांजलि
बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो ने सुशील मोदी को एक्स हैंडल पर याद किया। उन्होंने लिखा कि पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी सुशिल मोदी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री, हमारे अभिभावक, संघर्षशील एवं कर्मठ नेता आदरणीय श्री सुशील कुमार मोदी जी के असामयिक निधन की खबर सुन अत्यंत व्यथित हूँ। ईश्वर दिवगंत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों व शुभचिंतकों को दुख की इस घड़ी में सम्बल प्रदान करे। ॐ शांति ॐ।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशिल मोदी के निधन पर शोक व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने सुशिल मोदी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुशील मोदी जी अब हमारे बीच नहीं रहे। पूरे भाजपा संगठन परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। अपने संगठन कौशल,प्रशासनिक समझ और सामाजिक राजनीतिक विषयों पर अपनी गहरी जानकारी के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को इस शोक की घड़ी में सम्बल प्रदान करें।