Himachal Pradesh Election 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोर-शोर से चुनाव प्रचार करने में जुटी हुई हैं। आज हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में चुनाव होंगे। आज सभी पार्टियों के दिग्गज नेता यहां रैलियों को संबोधित करेंगे। सभी पार्टियों ने आज चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपनी-अपनी ताकत झोंक रखी है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा आज हिमाचल प्रदेश में एक प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के कई बड़े नेता हिमाचल में आखिरी दिन चुनाव प्रचार करेंगे।

यहां होगी प्रियंका गांधी की रैली

आपको बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी आज हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रैली कर रही हैं। आज दोपहर साढे 12 बजे उनकी परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को आयोजित किया जाएगा। सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के सतौन मैदान में यह रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पार्टी के कई दिग्गज नेता आज हिमाचल प्रदेश में रैलियों को संबोधित करेंगे।

सचिन पायलट 4 जनसभाओं को करेंगे संबोधित

बता दें कि आज हिमाचल प्रदेश में राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी चुनाव प्रचार करेंगे। आज गुरुवार को वह चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में वह सुबह करीब पौने 11 बजे एक रैली को संबोधित करेंगे। कांगड़ा जिले के बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में पायलट की दूसरी रैली सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर होगी। दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर उनकी तीसरी जनसभा कुल्लू जिले में आयोजित होगी। वहीं मंडी जिले के दरंग विधानभा क्षेत्र के नारला में उनकी चौथी रैली होगी।

Also Read: Himachal Pradesh Election 2022: आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन, बीजेपी के दिग्गज नेता करेंगे रैलियां