India News (इंडिया न्यूज), Heat Wave News: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सबसे बुरे हालात ओडिशा में देखने को मिल रहे हैं जहां कई शहरों में लू चलनी शुरू हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ओडिशा का बौध शहर सोमवार को लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा। सोमवार को इस शहर का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओडिशा का बरगढ़ देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देश का तीसरा सबसे गर्म स्थान आंध्र प्रदेश का कुरनूल रहा जहां तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कैसी है दिल्ली एनसीआर में गर्मी?
वहीं अगर दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो कई दिनों के बाद यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा। अब मंगलवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की उम्मीद है और अनुमान है कि 25 से 31 मार्च के बीच राजधानी का तापमान 40 डिग्री को पार कर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.1 डिग्री कम था।
बर्फबारी की वजह से तापमान में दिखी गिरावट
आपको बता दें कि, दिल्ली और अन्य मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट की वजह जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फबारी रही। दरअसल, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट आई है। कुछ दिनों की हल्की ठंड के बाद अब एक बार फिर इन इलाकों में गर्मी दस्तक देने वाली है। आने वाले दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में दिल्ली वालों को गर्मी के मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए।
ओडिशा में बढ़ रहा गर्मी का प्रकोप
ओडिशा की बात करें तो बौध में शनिवार को तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस और रविवार को 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, ओडिशा के अंगुल में तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, टिटलागढ़ में 40.5 डिग्री सेल्सियस और मलकानगिरी में 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के झारसुगुड़ा, बोलनगीर, संबलपुर, सोनपुर, तालचेर, भवानीपटना, हीराकुंड, सुंदरगढ़ और खुर्दा में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। आईएमडी ने बताया कि भुवनेश्वर और कटक में अधिकतम तापमान क्रमश: 36.7 डिग्री सेल्सियस और 37 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को ओडिशा के 6 जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की है।