India News (इंडिया न्यूज), Crime News: केरल के तिरुवनंतपुरम से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर आई है। यहां एक 23 वर्षीय युवक ने अपनी मां, दादी, चाचा, चाची, भाई और प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को तीन अलग-अलग जगहों पर अंजाम दिया गया, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या करने के बाद युवक खुद ही थाने पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि परिवार के लोग उसका कर्ज चुकाने को तैयार नहीं थे, इसलिए उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने की ये पुष्टि
आपको जानकारी के लिए बता दें कि, पुलिस ने अब तक पांच मौतों की पुष्टि की है, जबकि उसकी मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक अफ्फान ने सबसे पहले अपनी दादी सलमा बीवी (88) की हत्या की। इसके बाद वह अपने चाचा अब्दुल लतीफ (58) और चाची शाहिदा बीवी (54) के घर पहुंचा और उन्हें भी मार डाला। फिर वह अपने घर लौटा और अपनी मां शमी (47), छोटे भाई अफजान (14) और प्रेमिका फरशाना (19) पर हमला कर दिया। मां पर कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्या है पीछे का राज?
अफ्फान ने पुलिस को बताया कि उसे खाड़ी देश में व्यापार में भारी घाटा हुआ था, जिसके कारण उसे कर्ज लेना पड़ा। जब परिवार ने कर्ज चुकाने से मना कर दिया तो उसने गुस्से में यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस को उसके बयान पर संदेह है और वह कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। क्या वह नशे का आदी था? पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। हत्या करने के बाद अफ्फान ने दावा किया कि उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। लेकिन डॉक्टरों की जांच में पता चला कि उसने कोई जहर नहीं खाया था। पुलिस का मानना है कि यह सिर्फ एक बहाना था, ताकि वह मानसिक रूप से कमजोर दिखाई दे।
सदमे में आए इलाके के लोग
इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। लोग यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि कोई अपने ही परिवार के छह सदस्यों की इतनी बेरहमी से हत्या कर सकता है। अफ्फान के पिता रहीम भी खाड़ी देश में व्यापार करते थे और कुछ समय पहले व्यापार में घाटा होने के कारण पूरा परिवार केरल लौट आया था।