India News (इंडिया न्यूज), India Fourth Largest Economy: भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत ने अर्थव्यवस्था के मामले में जापान को पीछे छोड़ दिया है। अब भारत से आगे सिर्फ तीन देश अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से यह जानकारी साझा की है।
रेखा गुप्ता ने आईएमएफ की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट का हवाला देते हुए एक ग्राफिक साझा किया है, जिसके अनुसार भारत की अर्थव्यवस्था 4.187 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। साथ ही इसने जापान की 4.186 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ दिया है।
‘हर भारतीय के लिए गर्व का दिन’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में इसे हर भारतीय के लिए गर्व का दिन बताया है। उन्होंने यह भी कहा, “आईएमएफ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब आधिकारिक तौर पर जापान को पीछे छोड़कर 4.187 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि महज आंकड़ों से परे है। यह वह रास्ता है जिस पर हम माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन के तहत साथ-साथ चले हैं। उनके साहसिक फैसले, दृढ़ संकल्प और 140 करोड़ भारतीयों की क्षमताओं में विश्वास ने इस बदलाव को प्रेरित किया है।”
अब भारत से आगे सिर्फ तीन देश
भारत से आगे तीन देशों में अमेरिका 30.57 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ दूसरे स्थान पर है। चीन 19.231 ट्रिलियन डॉलर के साथ दूसरे और जर्मनी 4.744 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ तीसरे स्थान पर है।
दुनिया की शीर्ष 10 अर्थव्यवस्थाओं में ब्रिटेन छठे नंबर पर, फ्रांस सातवें नंबर पर, इटली आठवें नंबर पर, कनाडा नौवें नंबर पर और ब्राजील दसवें नंबर पर है।
2027 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था
आईएमएफ ने अनुमान लगाया है कि भारत की अर्थव्यवस्था 2027 तक 5 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर सकती है और इस दौरान जीडीपी का आकार 5,069.47 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है। वहीं, 2028 तक भारत की जीडीपी का आकार भी 5,584.476 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है।
6.2% जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान
आईएमएफ का अनुमान है कि 2025 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.2% हो सकती है। वहीं, आईएमएफ का अनुमान है कि दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं अमेरिका और चीन अगले एक दशक तक अपनी रैंकिंग बरकरार रख सकती हैं।
भारत के 5 सबसे खतरनाक एडवांस हथियार! जिनके नाम से ही थर-थर कांपते हैं चीन और पाक