India News (इंडिया न्यूज), Indian Man Died in Pakistan Jail: जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बसिरहा गांव के चार मछुआरे वर्ष 2022 में रोजगार के लिए गुजरात के ओखा तट पर मछली पकड़ने गए थे। गलती से वे पाकिस्तान की समुद्री सीमा में चले गए, जहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया और जेल में डाल दिया। इनमें से एक मछुआरा घुरहू बिंद अब शव बनकर लौटा है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, घुरहू बिंद का शव जैसे ही उसके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शव देखते ही परिजनों की चीत्कार गूंज उठी। माता-पिता, पत्नी और बच्चों की हालत देख गांव वालों की आंखें नम हो गईं। बताया गया कि पिछले एक सप्ताह से गांव के किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला।
पाकिस्तान ने देर से दी सूचना
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, पाकिस्तानी जेलों में भारतीयों को शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जाती हैं। घुरहू द्वारा पहले भेजे गए पत्रों में इशारों में यातनाओं का जिक्र किया गया था। भोजन की कमी, चिकित्सा सुविधाओं का अभाव और मारपीट आम बात थी। परिजनों का मानना है कि घुरहू की मौत भी इन्हीं अमानवीय परिस्थितियों का नतीजा है। पाकिस्तान की ओर से शव की सूचना काफी देर से दी गई, जिससे परिजनों को तैयारी का मौका नहीं मिल पाया। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि पाकिस्तान में कैद अन्य भारतीय मछुआरों की तत्काल रिहाई के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
बार-बार चिड़चिड़ापन कर रहा है परेशान? तो ये 5 फूड आइटम्स बना सकते हैं आपको हमेशा खुश!
जिला प्रशासन ने हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
घुरहू बिंद का शव जिला प्रशासन की निगरानी में वाघा बॉर्डर से गांव लाया गया। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन ने परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
अभी भी पाकिस्तान की जेल में कैद हैं 3 मछुआरे
बसीरहा गांव के बाकी तीन मछुआरे अभी भी पाकिस्तान की जेल में कैद हैं। ग्रामीणों और परिजनों ने सरकार से अपील की है कि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस लाया जाए, ताकि किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े। यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि पूरे देश के लिए चेतावनी है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में काम करने वाले नागरिकों की सुरक्षा और विदेशों में कैद भारतीयों के मानवाधिकारों की रक्षा पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।