India News (इंडिया न्यूज), Jhansi Medical College Fire: उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में शुक्रवार (15 नवंबर) रात को लगी आग में 10 बच्चों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। वहीं यह घटना संभवत शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को धुएँ से भरे वार्ड की खिड़कियाँ तोड़कर मरीजों को बाहर निकालते देखा गया, इससे पहले कि दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचें। झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि वार्ड में मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, आग रात करीब 10.35 बजे लगी। जिसमें 37 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बच्चों के वार्ड की दो यूनिट में से एक में आग लग गई, जो संभवत शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने जताया दुख
बता दें कि, उत्तर प्रदेश की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में हुई दुर्घटना में कई नवजात शिशुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर, शोक संतप्त माता-पिता और परिवारजनों को, यह क्रूर आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए शिशुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। साथ ही प्रधानमंत्री ने एक्स पीएम मोदी के हवाले से लिखा कि हृदयविदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।
37 बच्चों को किया गया रेस्क्यू
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात आग लगने से 10 बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात 10:30 से 10:45 बजे के बीच नवजात शिशु देखभाल इकाई (NICU) में धुआं उठा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग पूरे वार्ड में फैल गई। बताया जा रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। इसके बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के वक्त वार्ड में 47 बच्चे भर्ती थे। इनमें से 10 की मौत हो गई। जबकि 37 को बचा लिया गया। बचाए गए बच्चों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ झांसी पहुंचे। उन्होंने आग की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मृतक बच्चों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायल बच्चों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।