India News (इंडिया न्यूज), Jharkhand Election Results: झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं। जहां जेएमएम के नेतृत्व वाली गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की है। साथ ही जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और भाकपा (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन ने साथ मिलकर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। चुनाव आयोग के अनुसार जेएमएम ने 34 सीट, कांग्रेस ने 16 सीट, आरजेडी ने 4 सीट और भाकपा (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन ने 2 सीट पर बंपर जीत दर्ज की है। वहीं बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन ने 24 सीट लाई है। वहीं अन्य के खाते में एक सीट गया है।
बता दें कि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस को डिप्टी सीएम का पद देने से इनकार कर दिया है। सोरेन ने कांग्रेस से साफ कहा है कि जैसी व्यवस्था थी, वैसे ही चलती रहे। बेवजह नई मांगें न लाएं। हम जैसे थे, वैसे ही मजबूत बने रहेंगे। दरअसल, कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय के जरिए डिप्टी सीएम पद के लिए आवाज उठाई थी।
जेएमएम की दूसरी बार सत्ता में वापसी
बता दें कि, झारखंड चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस पार्टी के अंदर इस बात की चर्चा थी कि झारखंड में डिप्टी सीएम का पद उसे मिलना चाहिए, लेकिन हेमंत सोरेन ने जहां आवाज उठी, उसे वहीं दबा दिया। अब देखना यह है कि कांग्रेस और जेएमएम के बीच किस तरह की सहमति बनती है और सरकार बनती है। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व वाला गठबंधन झारखंड में लगातार दूसरी बार सत्ता में आया है। गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीटें जीतकर भाजपा नीत एनडीए को हराया है। इससे पहले 2019 के चुनाव में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन ने 47 सीटें जीती थीं।
भाजपा को सिर्फ 21 सीटों से संतोष करना पड़ा
दरअसल, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को केवल 24 सीटों से संतोष करना पड़ा, जिसमें भाजपा ने 21 सीटें जीतीं, जबकि उसके तीन सहयोगी आजसू पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जनता दल (यूनाइटेड) को एक-एक सीट मिली। बता दें कि, झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत की पूरी कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। भाजपा ने घुसपैठियों का मुद्दा भी उठाया, लेकिन जनता ने उसे सिरे से नकार दिया। हालात ऐसे हो गए कि 81 सीटों वाले इस राज्य में भाजपा को 21 सीटों से संतोष करना पड़ा।