India News (इंडिया न्यूज), Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार (14 मार्च, 2025) को होली जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच झड़प में कई लोग घायल हो गए। इस दौरान कथित तौर पर कम से कम तीन दुकानों में आग लगा दी गई। साथ ही कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना होली के दिन घोड़थंबा में उस समय हुई जब एक समूह ने इलाके से गुजर रहे होली जुलूस का विरोध किया, जिसके बाद झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
एसडीपीओ ने क्या कहा?
दूसरी ओर, इस घटना को लेकर खोरी महुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि इलाके में शांति बहाल करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है और इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है। तो वहीं, दूसरी तरफ इस पूरी घटना पर उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी का बयान भी सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि, “होली समारोह के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने विधि-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। हमें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार कुछ असामाजिक तत्वों ने कुछ वाहनों में आग लगा दी। उपद्रवियों ने कुछ दुकानों में भी आग लगा दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।”