India News (इंडिया न्यूज), Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल के कोलकाता से अग्निकांड की बेहद दर्दनाक घटना की जानकारी मिली है। दरअसल, पूरा मामला ये है कि, कोलकाता में बीती रात मछुआ बाजार के फलपट्टी स्थित एक होटल में आग लगने से भयानक हादसा हो गया। जिसमें अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है। काफी मशक्कत के बाद देर रात करीब 3 बजे फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि आग की यह घटना मछुआ बाजार के फलपट्टी स्थित ऋतुराज होटल में हुई। होटल से 14 शव बरामद करने की जानकारी सामने आ रही है। इस दुखद हादसे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी दीघा से कोलकाता के मेयर और मंत्री फिरहाद हकीम से फोन पर बात की।
कोलकाता के पुलिस कमिश्नर ने दी ये जानकारी
कोलकाता अग्निकांड पर कोलकाता के पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा का बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आग की यह घटना रात करीब 8:15 बजे हुई। जिसमें 14 शव बरामद किए गए हैं और कई लोगों को टीमों ने बचाया है। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि आग लगने के दौरान एक व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए ऊपर से कूद गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं आग में जलने और दम घुटने से 13 लोगों की मौत हो गई। कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और बचाव अभियान जारी है। इस घटना में आगे की जांच चल रही है। जिसके लिए जांच के लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है।
जांच के लिए SIT का गठन
अब तक की जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि होटल के कमरे में कई लोग फंस गए। वहीं, कुछ लोग खिड़की से बाहर आ गए। जिन्हें बचा भी लिया गया। लेकिन कई लोग ऐसे भी थे जो समय रहते बाहर नहीं आ पाए। इस मामले की जांच के लिए कोलकाता पुलिस ने एक एसआईटी बनाई है, जो जांच करेगी कि यह घटना कैसे हुई और होटल में अग्निशमन उपकरण क्यों मौजूद नहीं थे।