India News (इंडिया न्यूज), Lawrence Bishnoi Gang: गुजरात की साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का खेल खत्म करने की तैयारी चल रही है। भारत सरकार सबसे पहले उसका दाहिना हाथ काटने की तैयारी कर रही है। अगर ऐसा हुआ तो लॉरेंस गैंग के लिए यह बड़ा झटका होगा। इस दिशा में भारत सरकार को शुरुआती सफलता भी मिल गई है। दरअसल, भारत सरकार अमेरिका में मौजूद लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई को प्रत्यर्पित कराने की कोशिश में जुटी है। इसके लिए भारत ने अमेरिकी सरकार से आधिकारिक तौर पर अनुरोध किया है और अब अमेरिका ने पहली बार इस संबंध में भारत सरकार से कुछ सवाल पूछे हैं। इससे अनमोल के प्रत्यर्पण की संभावना बढ़ गई है।
भारत सरकार ने किया था ये अनुरोध
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सरकार ने पिछले साल जनवरी में अमेरिका से अनमोल को भारत लाने का अनुरोध किया था। अब अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले में नए सिरे से जानकारी मांगी है। अनमोल को चार महीने पहले नवंबर 2024 में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था। अखबार ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि अमेरिकी विदेश विभाग ने पिछले महीने भारत के गृह मंत्रालय को एक संदेश भेजा था। इस मैसेज में अनमोल बिश्नोई के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या, उसके खिलाफ तकनीकी सबूत और उसकी वित्तीय जानकारी जैसे कई सवाल पूछे गए थे।
ये सवाल उन मामलों से जुड़े हैं, जिनमें अनमोल की सीधी भूमिका थी। एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इन सवालों के जवाब में केंद्र सरकार ने संबंधित एजेंसी को सारी जानकारी तैयार करने को कहा है। जल्द ही यह डेटा अमेरिका भेजा जाएगा।
अमेरिका की जेल में कैद है अनमोल
अनमोल बिश्नोई को नवंबर 2024 में फर्जी दस्तावेजों के साथ यात्रा करने के आरोप में अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने पकड़ा था। तब से वह अमेरिका की जेल में है। अनमोल पर कई बड़े अपराधों का आरोप है। मई 2022 में उस पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भूमिका का आरोप लगा था। यह घटना जोधपुर जेल से रिहा होने के आठ महीने बाद हुई थी। अनमोल 15 मई 2022 को फर्जी पासपोर्ट के साथ अमेरिका भाग गया था। उसने यह पासपोर्ट ‘भानु’ नाम से बनवाया था। लेकिन पिछले साल अमेरिकी इमिग्रेशन विभाग को पता चला कि उसके ट्रैवल डॉक्यूमेंट के साथ जो कंपनी का रेफरेंस लेटर था, वह फर्जी था। इसके बाद 6 दिसंबर 2022 को उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।