India News (इंडिया न्यूज), Ulgulan Nyay Mahrally: लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान हो गया है। अब बाकि बचे 6 चरणों के लिए राजनीतिक दल खूब जोर लगा रहे हैं। इस बीच इंडिया गठबंधन की तरफ से रांची में बड़ी रैली का आयोजन किया गया था। जिसको झारखंड मुक्ति मोर्चा ने ‘उलगुलान न्याय रैली’ का नाम दिया था। राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित इस रैली में जहां एक तरफ नेता मंच से भाषण दे रहे थे तो वहीं, पंडाल में अलग-अलग पार्टियों के कार्यकर्ता आपस में लड़ रहे थे। दरअसल, बैठने के लिए लगाई गई कुर्सी और झंडा वाला डंडा इन कार्यकरताओं का हथियार बन गया। वहीं इसको लेकर बिहार की सत्ताधारी दल जेडीयू ने एक वीडियो ट्वीट किया है।
कार्यकरताओं के बीच खूब चले कुर्सी-डंडे
बता दें कि, रांची में आयोजित विपक्ष की रैली को लेकर बिहार की सत्ताधारी पार्टी जेडीयू ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि ‘एक-दूसरे पर लट्ठ चलाते, एक-दूसरे का सिर फोड़ते इन तस्वीरों में जो नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे कांग्रेस और राजद के नेता हैं। तस्वीरें रांची की हैं, जहां इंडी गठबंधन की एक रैली थी। जरा सोचिए, जो एक-दूसरे के साथ शांति से रैली नहीं कर सकते। वो भला देश और राज्य क्या चला पाएंगे? इसके साथ ट्वीट में 57 सेकेंड का एक वीडियो भी लगाया गया है। जिसमें मंच से नेताओं की तरफ से शांत रहने की अपील किए जाने की आवाज आ रही है।
विपक्षी नेताओ ने भरी हुंकार
बता दें कि, झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा जो विपक्षी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। उसकी तरफ से रांची में इस रैली का आयोजन किया गया था। जहां विपक्षी नेताओ ने हुंकार भरी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हेमंत सोरेन हिम्मत वाले हैं। वह जेल से डरने वाले नहीं हैं। उनके पीछे हम सब लोग हैं। दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डालने से हम खत्म नहीं होने वाले हैं। हमें लाख दबाओ, परंतु हम मिटने वाले नहीं हैं। हम बीज हैं, हम उगते रहेंगे। वहीं कल्पना सोरेन ने अपने पति हेमंत सोरेन का जेल से भेजा संदेश पढ़ा। हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें बेबुनियाद आरोपों में ढाई महीनों से जेल में बंद करके रखा गया है। परंतु हम जेल से डरने वाले नहीं हैं।