India News (इंडिया न्यूज), Delhi New CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कई दिन बीत चुके हैं। लेकिन अब तक सीएम पद का ऐलान नहीं हुआ है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा ने अप्रत्याशित जीत हासिल की है। 27 वर्षों के बाद भाजपा सरकार बनाने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को होने की संभावना है। भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इससे एक दिन पहले 19 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक हो सकती है। हालांकि शपथ ग्रहण समारोह के लिए अभी कोई स्थान तय नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि यह कार्यक्रम रामलीला मैदान में हो सकता है।
कब होगा शपथ ग्रहण?
सूत्रों ने पहले बताया था कि भाजपा ने 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक बुलाई है। बताते चलें कि, पहले यह बैठक 17 फरवरी को बुलाई गई थी, हालांकि बाद में इसे टाल दिया गया। मुख्यमंत्री का नाम तय करने से पहले पार्टी अपने विधायकों की बैठक करेगी। मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में उच्च स्तरीय चर्चा चल रही है। प्रवेश वर्मा, आशीष सूद और रेखा गुप्ता समेत कई नामों पर कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि भाजपा नेतृत्व अभी खामोश है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, भाजपा ने घोषणा की थी कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद दिल्ली में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। ज्ञात हो कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 13 फरवरी तक फ्रांस और अमेरिका के दौरे पर थे।
ये 6 नाम चल रहे सबसे आगे
दिल्ली सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे नामों में प्रवेश वर्मा सबसे आगे चल रहे हैं, जिन्होंने नई दिल्ली सीट पर आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराया था। दिल्ली भाजपा महासचिव और जनकपुरी विधायक आशीष सूद का नाम भी चर्चा में है, जो केंद्रीय नेताओं से अपने करीबी संबंधों के लिए जाने जाते हैं। महिला चेहरे के तौर पर शालीमार बाग विधायक रेखा गुप्ता को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है। रोहिणी विधायक विजेंद्र गुप्ता का नाम भी चर्चा में है, जो दिल्ली भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके हैं।
इसके अलावा, मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय भी इस रेस में हैं, जो पार्टी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरे और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। वैश्य समुदाय से आने वाले और आरएसएस के मजबूत प्रतिनिधि जितेंद्र महाजन भी मुख्यमंत्री पद के शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। पार्टी नेताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा किसी महिला को मुख्यमंत्री बनाने या किसी नए चेहरे को चुनने की संभावना के संकेत दिए हैं। ग्रेटर कैलाश में आप के सौरभ भारद्वाज को हराकर जीतने वाली शिखा रॉय कथित तौर पर एक और प्रमुख महिला चेहरा हैं, जिन पर विचार किया जा रहा है।
मंत्री पद के लिए इन 15 नामों को किया गया शॉर्टलिस्ट
सूत्रों के अनुसार, प्रमुख मंत्री पदों के लिए 15 विधायकों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। पार्टी सूत्रों ने यह भी बताया है कि नई सरकार में उपमुख्यमंत्री की कोई संभावना नहीं है। पार्टी सूत्रों ने पहले बताया था कि इस मामले को अंतिम रूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं के बीच बैठक होने की भी संभावना है।