India News (इंडिया न्यूज),Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में मौसम बदल रहा है। दिन के मुकाबले रात में मौसम अच्छा हो रहा है। रात में हवा चलने से मौसम सुहाना हो रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में कई जगहों पर बारिश भी दर्ज की जा रही है। वहीं, प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। प्रयागराज में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, बरेली में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। फिलहाल प्रदेश में मौसम बदल गया है। आने वाले दिनों में भी यह सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार 6 मई को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस दौरान दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में भी लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, ग़ाज़ीपुर, आज़मगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराईच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर में गरज और बिजली गिरने की संभावना है।
इसके साथ ही हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहाँपुर, संभल, बदांयू, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झाँसी, ललितपुर और इसके आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
तापमान में कोई बदलाव नहीं
प्रदेश में तापमान की बात करें तो अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। उसके बाद धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। साथ ही अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, 7 और 8 मई को प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
वहीं, 9 और 10 मई को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। साथ ही पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। 11 मई को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।