India News (इंडिया न्यूज), Maharashtra Next CM: महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री कौन बनेगा अभी भी यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। दरअसल, एकनाथ शिंदे ने मंगलवार (26 नवंबर) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें अगले मुख्यमंत्री बनने तक पद पर बने रहने को कहा है।इस बीच भाजपा के प्रमुख सहयोगी आरपीआई (ए) के नेता रामदास अठावले ने मंगलवार को महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री पर जल्द फैसला लेने का आह्वान किया। उन्होंने सुझाव दिया कि मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को केंद्रीय मंत्री के रूप में केंद्र में लाया जाना चाहिए। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस का समर्थन किया।
फडणवीस का किया समर्थन
रामदास अठावले ने कहा कि भाजपा ने 288 सदस्यीय विधानसभा में सबसे अधिक सीटें जीती हैं और राज्य में मुख्यमंत्री पद का अधिकार उसी का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एक अजीब स्थिति पैदा हो गई है जहां भाजपा नेता फडणवीस को मुख्यमंत्री के रूप में चाहते हैं। जबकि शिवसेना नेता चाहते हैं कि शिंदे पद पर बने रहें। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री अठावले ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने घोषणा की है कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमें बिना किसी देरी के इस मामले को सुलझाने की जरूरत है। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित हुए थे और नए मुख्यमंत्री को 26 नवंबर को संविधान दिवस पर शपथ लेनी चाहिए थी।
महायुति की बंपर जीत
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजें सामने आ चुके हैं। जहां महायुति (बीजेपी- 132, शिवसेना (शिंदे)- 57 और एनसीपी (अजित)- 41 सीटें) ने बंपर जीत हासिल की है। इस तरह से महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीट में से 230 सीटें जीतकर महायुति ने इतिहास रच दिया है। वहीं महा विकास अघाड़ी (शिवसेना (यूबीटी)- 20 सीटें, कांग्रेस- 16 सीटें और एनसीपी (एसपी)- 10 सीटें) ने बेहद ख़राब प्रदर्शन करते हुए 56 सीटें जीती हैं।