India News (इंडिया न्यूज), Maharashtra Political Crisis: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे को सामने आए एक सप्ताह बीत चुके हैं। जहां भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की है। फिर भी महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के नाम की अभी तक घोषणा नहीं हुई है। भाजपा से देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना से एकनाथ शिंदे, ये दो नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में हैं। हालांकि, अब मुख्यमंत्री पद के लिए एक और नाम सामने आ रहा है, जिससे महाराष्ट्र की सियासत गरमाने वाली है। दरअसल, महाराष्ट्र की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा से पहले एक नई चर्चा शुरू हो गई है। आइए जानते हैं फडणवीस और शिंदे के बीच चल रही रस्साकशी के बीच ये तीसरा नाम कौन है।
इस नए नाम पर चर्चा चल रही है
दरअसल, इस समय सोशल मीडिया पर अचानक से मुख्यमंत्री पद के लिए एक और नाम सामने आया है। ये दिग्गज नेता भाजपा से ही हैं। ये नेता कोई और नहीं बल्कि भाजपा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल हैं। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग उनके नाम को लेकर कयास लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र की जनता मोहोल को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। वहीं, सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि सांसद पद से सीधे मुख्यमंत्री पद पाकर मोहोल जैकपॉट मारेंगे। बता दें कि, मुरलीधर मोहोल पुणे से सांसद हैं। इससे पहले वे पुणे के मेयर रह चुके हैं।
मोहोल ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहोल ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि मुख्यमंत्री पद के लिए सोशल मीडिया पर मेरे नाम की चर्चा हो रही है। यह खबर भ्रामक है। हमने भाजपा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा है। देवेंद्र फडणवीस हमारे नेता हैं। हमारी पार्टी के फैसले सोशल मीडिया पर नहीं बल्कि संसदीय बोर्ड में सर्वसम्मति से लिए जाते हैं। संसदीय बोर्ड का फैसला पार्टी का अंतिम फैसला होता है। इसे सभी को मानना होगा। सोशल मीडिया पर मेरे नाम की चर्चा बेमानी है। गौरतलब है कि, महायुति (बीजेपी- 132, शिवसेना (शिंदे)- 57 और एनसीपी (अजित)- 41 सीटें) ने बंपर जीत हासिल की है। इस तरह से महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीट में से 230 सीटें जीतकर महायुति ने इतिहास रच दिया है।