India News (इंडिया न्यूज), Maharashtra Politics News: महाराष्ट्र की राजनीति 19 साल बाद एक बार फिर नया मोड़ ले सकती है। शिवसेना संस्थापक बाला साहेब ठाकरे के दोनों वारिसों के बीच सुलह की खबरें आ रही हैं। अगर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बीच सुलह हो जाती है तो महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े बदलाव से इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि अभी तक शिवसेना (उद्धव) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, पिछले कुछ सालों से राज्य की राजनीति में काफी उथल-पुथल मची हुई है।
महाराष्ट्र की राजनीति में दिखेगा बड़ा बदलाव?
शिवसेना का एक धड़ा शरद पवार की पार्टी एनसीपी और कांग्रेस के साथ महा विकास अघाड़ी गठबंधन में है तो दूसरा धड़ा बीजेपी के साथ महायुति गठबंधन में है। ऐसे में अगर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे हाथ मिलाते हैं तो अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में तूफान आ सकता है। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के एक साथ आने का राजनीतिक असर कई बातों पर निर्भर करेगा। जैसे कि यह गठबंधन कितना मजबूत होगा, दोनों नेताओं के बीच तालमेल कैसा रहेगा? साथ ही शिवसेना का कैडर इसे कैसे लेगा? अगर उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) मराठी मानुष और हिंदुत्व के मुद्दों पर साथ आती हैं, तो क्या यह एक मजबूत क्षेत्रीय ताकत बन सकती है? मराठी पहचान और महाराष्ट्र के हितों पर दोनों नेताओं का जोर उन्हें एक साझा मंच देता है। इस गठबंधन से क्या शिवसेना के पारंपरिक वोट बैंक उद्धव गुट को फिर से मजबूत किया जा सकता है, जो 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद बंट गया था?
क्या दोनों के बीच होगी सुलह?
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) पहले ही मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में छाई हुई है। अगर राज ठाकरे की मनसे साथ आती है, तो यह गठबंधन भाजपा और शिंदे गुट के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। भाजपा ने हाल के वर्षों में मुंबई में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है, लेकिन उद्धव-राज गठबंधन इस रणनीति को कमजोर कर सकता है, क्योंकि मराठी वोटों का ध्रुवीकरण उनके पक्ष में हो सकता है। दोनों नेता मराठी पहचान और हिंदुत्व के मुद्दों पर मुखर रहे हैं। यह गठबंधन इन मुद्दों को और आक्रामक तरीके से उठा सकता है, जिससे भाजपा और शिंदे गुट के लिए अपने हिंदुत्व और मराठी वोट बैंक को बचाए रखना मुश्किल हो सकता है।