India News (इंडिया न्यूज), Mohan Bhagwat on Operation Sindoor : भारत की तरफ से आतंकियों पर चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत का बयान भी सामने आया है। आरएसएस प्रमुख ने कहा है कि भारत किसी से शत्रुता नहीं करता, लेकिन फिर भी अगर कोई दुस्साहस करता है तो भारत उसे जवाब देने में भी पीछे नहीं रहता है।
जयपुर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बोलते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि, पड़ोसी देशों के लिए भारत ने हमेशा एक बड़े भाई की भूमिका निभाई है, हमेशा पड़ोसी देशों की मदद की है। इसके बावजूद भारत कभी बड़े भाई होने का घमंड नहीं करता और बड़े भाई होने का फर्ज निभाते हुए छोटों को नसीहत देता है।
‘भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं’
शनिवार 17 मई को उन्होंने जयपुर के संत रविराम आश्रम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं भारत का रहने वाला हूं, मैं भारत की कहानी कहता हूं।’ उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को मानव धर्म सिखाना भारत का कर्तव्य है, क्योंकि भारत ने हमेशा मानव आधारित धर्म का पालन किया है।
लेकिन इसके लिए शक्ति जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि भारत किसी से नफरत नहीं करता, बल्कि दुनिया प्रेम और कल्याण की भाषा तभी सुनती है, जब आपके पास शक्ति हो।
दुनिया देख रही भारत की ताकत
अपने संबोधन में मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया आपकी तभी सुनती है जब उसे लगता है कि आप शक्तिशाली हैं। यह दुनिया का स्वभाव है और इस स्वभाव को बदला नहीं जा सकता। इसलिए विश्व कल्याण के लिए हमें शक्तिशाली होने की जरूरत है और समय-समय पर दुनिया हमारी ताकत देख रही है और हमसे प्रभावित भी हो रही है।
इसके अलावा संघ प्रमुख ने बिना नाम लिए उन देशों पर भी निशाना साधा जो भारत को चुनौती दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई पड़ोसी समय-समय पर विपरीत धाराओं में बहते हैं। हम फिर भी मदद करते हैं क्योंकि हमारे मन में हमेशा सहयोग की भावना रहती है, लेकिन कभी-कभी शक्ति का प्रदर्शन भी जरूरी हो जाता है और यह प्रदर्शन पूरी दुनिया देखती है।