India News (इंडिया न्यूज़), Monsoon 2023: देशभर में इस बार बारिश ने जल प्रलय का रूप ले लिया है। भारी बारिश के बाद कई राज्यों में तबाही मच गई है। गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, जून में मानसून की शुरुआत होने के बाद से भारत में भारी बारिश से संबंधित घटनाओं के कारण अब तक 624 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि यह पिछले साल की तुलना में करीब 32 प्रतिशत कम है।
हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक गई जानें
इस साल मानसून ने सबसे ज्यादा तबाही हिमाचल में मचाई है। यहां 223 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सोलन और ऊना के लिए पिछले 50 सालों में सबसे ज्यादा है। वहीं, अगर मौतों की बात की जाए तो इस मानसून सीजन में अब तक हिमाचल प्रदेश में 99 लोग अपनी जान गवा चुकें हैं। दूसरी तरफ 2022 में 187 लोगों की मौत हुई थी।
गुजरात में हिमाचल से ज्यादा मौतें
वैसे हिमाचल की तुलना में गुजरात का आंकड़ा ज्यादा है, क्योंकि इसी साल गुजरात में चक्रवात बिपरजॉय ने कहर मचाया और बाद में भारी बारिश के बाद आम जनजीवन तेहस-नेहस हो गया। गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, गुजरात में कुल 103 लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक में 87 और राजस्थान में 36 मौतें हुईं हैं, इसके अलावा बाढ़ प्रभावित पंजाब में 11 और हरियाणा में 19 मौतें हुई हैं। वहीं, दूसरी ओर पंजाब में लुधियाना और पटियाला और हरियाणा में यमुनानगर और करनाल अभी भी जलमग्न हैं।
Also Read: Muslim’s Education: मोदी सरकार पर हमलावर हुए असदुद्दीन ओवैसी, मुस्लिम शिक्षा पर उठाए सवाल