India News (इंडिया न्यूज),Mumbai Heatwave Alert: आमतौर पर होली तक मुंबई में बारिश होती थी, जिसके बाद धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगती थी। आमतौर पर जनवरी-फरवरी में मुंबई का मौसम सुहाना हुआ करता था, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि फरवरी के आखिरी हफ्ते में पूरा शहर झुलस रहा है। मई-जून की कल्पना मात्र से ही लोग ऐसी गर्मी से कांप रहे हैं। दरअसल, सोमवार से ही मुंबई का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। इससे लोगों का पंखे, कूलर या एसी के बिना रहना नामुमकिन हो गया है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी के साथ-साथ कोंकण बेल्ट में भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है।

हीटवेव की चेतावनी जारी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में 25 और 26 फरवरी के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की इससे पहले फरवरी में सबसे अधिक तापमान 28 फरवरी 2020 को दर्ज किया गया था, जब सांताक्रूज वेधशाला ने 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया था। वहीं, कोलाबा में आईएमडी की तटीय वेधशाला ने सोमवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक था।

कब मिलेगी राहत?

मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई ही नहीं बल्कि तटीय इलाकों, जुहू बीच जैसे समुद्री तटों पर भी भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां गर्मी और उमस की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, आईएमडी की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने कहा, ‘पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। नतीजतन, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश बढ़ने लगेगी। हमारे पास 26-28 को भारी बारिश की चेतावनी है। इस बीच, हम 27 फरवरी से बारिश की आवृत्ति बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं।’

आईएमडी ने क्या कहा

वहीं, एक अन्य वैज्ञानिक सुषमा नायर ने कहा, ‘मुंबई में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा और हम अभी तक कोई हीटवेव अलर्ट जारी नहीं कर रहे हैं। पूर्वी हवाओं के कारण तापमान अधिक है, जो समुद्री हवा के आने में देरी कर रही है। यह कम से कम तीन और दिनों तक जारी रहने वाला है।

AI करेगा खेती? सत्य नडेला ने खुद वीडियो शेयर कर बताया पूरा प्रोसेस, देखकर Elon Musk भी रह गए दंग

राहत की कोई उम्मीद नहीं

एक अन्य मौसम विज्ञानी ऋषिकेश आगरा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल मुंबई रेन्स पर पोस्ट किया, ‘अगले 48 घंटों (24-26 फरवरी) तक मुंबई और एमएमआर में लू जारी रहेगी। कल्याण और अंदरूनी इलाकों में तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। सांताक्रूज और वेस्टर्न लाइन में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस, साउथ मुंबई में 34-36 डिग्री सेल्सियस, ठाणे में 40 डिग्री सेल्सियस, नवी मुंबई में 40 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

CAG रिपोर्ट पेश होने से पहले दिल्ली विधानसभा में हंगामा करने पर आतिशी समेत अन्य आप विधायक निलंबित