India News (इंडिया न्यूज), Mumbai Rent: सपनों के शहर मुंबई में जमीन की कीमत आसमान छू रही है। यही वजह है कि मुंबई महानगर में घर लेना मुश्किल काम है। साथ ही यहां घरों का किराया जेब पर बहुत भारी पड़ता है। एक युवती ने जब सोशल मीडिया पर अपना दर्द शेयर किया तो उसकी पोस्ट पर दिलचस्प कमेंट्स की बाढ़ आ गई। उसने बताया कि मुंबई में 1 बेडरूम वाले फ्लैट का किराया 50 हजार रुपये को पार कर गया है। उसने सभी को सलाह दी कि आत्मनिर्भर बनने के चक्कर में अपने माता-पिता से रिश्ते खराब करने की जरूरत नहीं है।
1 BHK फ्लैट का किराया 50 से 70 हजार
पेशे से वकील और मुंबई की रहने वाली वीता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मुंबई में रियल एस्टेट की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। यहां का किराया भी बहुत ज्यादा हो गया है। अंधेरी और बांद्रा जैसे इलाकों में एक छोटे से 1 BHK फ्लैट का किराया 50 से 70 हजार रुपये हो गया है। ज्यादातर ऑफिस भी इसी इलाके में हैं। अब समय आ गया है कि लोगों को अपने पारिवारिक लक्ष्यों के बारे में फिर से सोचना चाहिए। स्वतंत्र बनने की चाह में परिवार से अलग होने के बारे में न सोचें
वीता ने लिखा कि स्वतंत्र बनने की चाह में परिवार से अलग होने के बारे में न सोचें। आपको अपने परिवार के साथ रहना चाहिए। मुंबई में फ्लैट किराए पर लेना बहुत मुश्किल है। इसमें आपकी बहुत सारी कमाई भी बर्बाद हो जाएगी। अपने माता-पिता के साथ अच्छे संबंध बनाए रखें। घर से दूर रहने की जल्दबाजी न करें। स्वतंत्र जीवन का आनंद लेने के लिए घर से भागने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लिखा कि सैलरी से इतने महंगे फ्लैट खरीदना बहुत मुश्किल है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ वायरल
उनकी यह पोस्ट तुरंत वायरल हो गई और लोगों ने कई दिलचस्प कमेंट किए हैं। इस पोस्ट को एक लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। लोग उन्हें मुंबई के सस्ते इलाकों के बारे में बताने लगे। एक यूजर ने लिखा कि सस्ती और अच्छी जगह मलाड और गोरेगांव है। यहां आपको 25 हजार रुपये में फ्लैट मिल जाएगा। हालांकि, वीता को यह सलाह पसंद नहीं आई और उन्होंने लिखा कि मुझे ज्ञान न दें। मुझे घूमना-फिरना पसंद नहीं है। मुझे ऑफिस के पास रहना पसंद है।