India News (इंडिया न्यूज), Nagpur Violence Latest Updates: महाराष्ट्र के नागपुर में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड माने जा रहे फहीम शमीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह 21 मार्च तक पुलिस हिरासत में है। फहीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) का शहर अध्यक्ष है। वह केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन गडकरी के खिलाफ नागपुर से लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ चुका है। दोनों ही चुनावों में उसकी जमानत जब्त हो गई थी। पुलिस की एफआईआर में आरोपियों की सूची में फहीम का नाम अन्य लोगों के नामों के साथ दर्ज है।
कौन है फहीम शमीम खान?
आरोप है कि उसने शुरुआत में पुलिस स्टेशन पहुंचकर बजरंग दल के खिलाफ शिकायत की थी और लोगों को भड़काया था। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, औरंगजेब की मजार को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने सोमवार (17 मार्च, 2025) को महाराष्ट्र में प्रदर्शन किया। इस दौरान नागपुर में अफवाह फैली कि धार्मिक प्रतीकों वाली चादर जलाई गई है। इसे लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और इसने हिंसा का रूप ले लिया।
कई वाहनों को किया गया आग के हवाले
कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा में कई पुलिसकर्मी और आम लोग घायल हो गए। हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक तीन थानों में 6 एफआईआर दर्ज कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 1250 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से अब तक 100 से 200 लोगों की पहचान हो चुकी है। नागपुर पुलिस की साइबर यूनिट सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों की भी जांच कर रही है। 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।