India News (इंडिया न्यूज), Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस तना-तनी के बीच भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड में बदलाव किया है। पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी को इसका अध्यक्ष चुना गया है। उनके साथ बोर्ड में कुल 7 सदस्य होंगे। बोर्ड में तीनों सेनाओं के रिटायर्ड अफसरों को शामिल किया गया है।
सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड में बदलाव करते हुए बोर्ड की कमान पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी को सौंप दी है। पूर्व पश्चिमी एयर कमांडर एयर मार्शल पीएम सिन्हा, पूर्व दक्षिणी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह और रियर एडमिरल मोंटी खन्ना सैन्य सेवाओं से रिटायर्ड अफसर हैं। वे भी बोर्ड का हिस्सा होंगे। राजीव रंजन वर्मा और मनमोहन सिंह भारतीय पुलिस सेवा से रिटायर हुए हैं। बी वेंकटेश वर्मा सात सदस्यीय बोर्ड में रिटायर्ड विदेश सेवा अधिकारी हैं।
कौन हैं अलोक जोशी?
आलोक जोशी को राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। वे 2012 से 2014 तक रॉ के प्रमुख रहे और 2015 से 2018 तक एनटीआरओ के अध्यक्ष रहे। आपको बता दें कि जोशी ने खास तौर पर नेपाल और पाकिस्तान में खुफिया ऑपरेशन में भी अहम भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीसीएस की बैठक में हिस्सा लिया
पीएम मोदी ने बुधवार को चार बड़ी बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने सीसीएस, सीसीपीए, सीसीईए और कैबिनेट बैठकों की अध्यक्षता की। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अब तक कई कड़े फैसले लिए हैं। इसकी वजह से पाकिस्तान सहमा हुआ है। पाकिस्तान ने हाल ही में रूस, अमेरिका और तुर्की से बात की। उसने यूएन से कहा कि भारत का आरोप बेबुनियाद है।
पाकिस्तान की टुच्ची हरकतें जारी
भारत से तनाव के बावजूद पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। वह लगातार एलओसी पर सीजफायर तोड़ रहा है। पाकिस्तान ने बारामूला समेत कई जगहों पर फायरिंग की। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान ने बुधवार को भी सीजफायर का उल्लंघन किया।