Nomadic Tribe Attacked in Dhar: मध्य प्रदेश के धार जिले में एक घुमंतू जनजाति के आठ सदस्यों को भीड़ द्वारा बच्चा चोर होने की अफवाह के बाद पीटा गया। यह जानकारी जिला पुलिस की तरफ से दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना गुरुवार को जिले के राजोद नगर इलाके में हुई और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को छुड़ाया और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

  • पीड़ित वहां किसी को नहीं जानते
  • पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की
  • शक के आधार पर लोगों ने पीटा

धार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कुमार सिंह ने कहा कि जिले के राजोद नगर इलाके में खरगोन, बड़वानी, मनावर और गंधवानी के कुछ फकीर (खानाबदोश) भीख मांग रहे थे। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ कि वह बच्चा चोर है और फिर दोनों के बीच बहस हो गई। बहस के बीच स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर हमला किया और उनकी पिटाई की।

सीसीटीवी फुटेज से हो रही पहचान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस राजोद थाने की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ितों को बचाया। इसके बाद उनके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पीड़ितों को बाद में सुरक्षित उनके स्थानों पर वापस ले जाया गया। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। हमने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है क्योंकि पीड़ित बड़वानी और खरगोन के हैं और यहां किसी को नहीं जानते हैं। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

यह भी पढ़े-