India News (इंडिया न्यूज), Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। रुझानों में बीजेपी 50 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस 2014 के बाद से लगातार तीसरा चुनाव हारती दिख रही है। हरियाणा चुनाव के नतीजे ने पूरे देश को हैरान कर दिया।मतदान के बाद आए सभी एग्जिट पोल जहां कांग्रेस को भारी बहुमत से जीतते हुए दिखा रहे थे, वहीं इस नतीजे ने फिर से सत्ता की चाबी भाजपा के हाथों में सौंप दी।
लोकसभा चुनाव में शानदार प्रर्दशन
गौरतलब है कि इसी हरियाणा में कुछ महीने पहले लोकसभा चुनाव के दौरान माहौल कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रहा था। उस समय कांग्रेस ने राज्य की 10 में से 5 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव के बाद माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एकतरफा जीत दर्ज करेगी, हालांकि अब नतीजे कुछ और ही आए हैं।
भाजपा ने कैसा पलटी बाजी
नतीजों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर भाजपा ने हरियाणा में जीत की बाजी कैसे जीत ली। इस सवाल का जवाब जानने के लिए हमें चार महीने पीछे जाना होगा। लोकसभा चुनाव में हरियाणा में करारी हार झेलने के बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।
अमित शाह के सबसे भरोसेमंद नेता ने किया कमाल
पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने की जिम्मेदारी अपने सबसे भरोसेमंद नेता धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी। भाजपा ने प्रधान को हरियाणा का चुनाव प्रभारी बनाया। चुनाव की कमान मिलने के बाद प्रधान ने हरियाणा में नए प्रयोग करने शुरू कर दिए। उन्होंने प्रदेश की उन सीटों की पहचान की जहां भाजपा का विरोध ज्यादा है। इसके बाद उन्होंने निर्दलीयों को खुश करके भाजपा के खिलाफ पड़ने वाले वोटों को बांटा। इसके साथ ही भाजपा के रणनीतिकारों ने इस बात पर भी खूब मेहनत की कि चुनाव को जाट बनाम गैर जाट कैसे बनाया जाए। जिसका नतीजा यह हुआ कि भाजपा लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है।