India News (इंडिया न्यूज), Himani Narwal: हरियाणा में नगर निगम चुनाव के दिन रोहतक दिल्ली हाईवे पर सांपला बस स्टैंड के पास एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। महिला युवा कांग्रेस पदाधिकारी की पहचान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में आने वाली हिमानी नरवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पार्टी में काफी सक्रिय रूप से काम करती थी। मृतका का शव शुक्रवार (28 फरवरी, 2025) को सांपला बस स्टैंड के पास एक बड़े नीले सूटकेस में मिला, जिसके बाद इसकी सूचना सांपला थाने में दी गई। बताया जा रहा है कि, उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था और हाथों में मेहंदी भी लगी हुई थी।

कौन थी हिमानी नरवाल?

आपको जानकारी के लिए बता दें कि, सोनीपत के कथूरा गांव की रहने वाली हिमानी नरवाल कांग्रेस कार्यकर्ता थीं। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हिमानी नरवाल रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई नेताओं के राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होती थीं। वह कांग्रेस की रैलियों और सामाजिक कार्यक्रमों में हरियाणवी लोक कलाकारों के साथ प्रस्तुति देने के लिए जानी जाती थीं। इतना ही नहीं, हिमानी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ भी नजर आई थीं।

महिला कांग्रेस विंग ने कर दी ये मांग

हिमानी नरवाल की हत्या के बाद कांग्रेस महिला विंग ने भी प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में कहा, “हरियाणा में सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल जी की नृशंस हत्या की खबर बेहद हृदय विदारक है। एक बेटी का शव इस तरह सूटकेस में मिलना न केवल दुखद है, बल्कि यह प्रदेश की कानून व्यवस्था की भयावह सच्चाई को भी उजागर करता है। भाजपा की डबल इंजन सरकार केवल खोखले दावे करने में व्यस्त है, जबकि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा लगातार खतरे में है। हम हरियाणा सरकार से मांग करते हैं कि हिमानी नरवाल जी के हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में किसी बेटी को ऐसी बर्बरता का शिकार न होना पड़े। भगवान हिमानी जी के परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।” 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जताया दुख

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हिमानी नरवाल की हत्या पर दुख जताते हुए कहा, “रोहतक में सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या की खबर बहुत दुखद और चौंकाने वाली है। मैं दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। एक लड़की की इस तरह से हत्या और उसका शव सूटकेस में मिलना बहुत दुखद और चौंकाने वाला है। यह अपने आप में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर एक बदनुमा दाग है। इस हत्या की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सरकार को पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय और दोषियों को सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए।”

दीपेंद्र हुड्डा ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस मामले पर दीपेंद्र हुड्डा ने एक पोस्ट में कहा, “रोहतक में कांग्रेस पार्टी की संघर्षशील कार्यकर्ता बहन हिमानी नरवाल की हत्या की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अहंकार में डूबे हुए हैं, उड़न खटोले पर सवार हैं। मैं सरकार से मांग करता हूं कि अपराधियों को तुरंत पकड़ा जाए और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि और परिवार के प्रति गहरी संवेदना। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस दुख की घड़ी में परिवार को शक्ति प्रदान करें।”