India News (इंडिया न्यूज),Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। आतंकियों के निशाने पर सिर्फ पुरुष थे। महाराष्ट्र के डोंबिवली के तीन लोग और पनवेल के दो पर्यटक भी आतंकी हमले का शिकार हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में डोंबिवली (पूर्व-पश्चिम) के नवापाड़ा, पांडुरंगवाड़ी और नांदिवली इलाकों में रहने वाले तीन नागरिक मारे गए हैं। मृतकों की पहचान हेमंत जोशी, संजय लेले और अतुल मोने के रूप में हुई है। यह खबर सामने आते ही डोंबिवली शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि ये तीनों दोस्त पर्यटन के मकसद से जम्मू-कश्मीर गए थे। वे पहलगाम में एक लोकप्रिय जगह घूमने गए थे, तभी अचानक आतंकियों ने हमला कर दिया। गोलीबारी की इस घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बेलगाम घूमने गए थे श्रीकांत मोने
अतुल मोने डोंबिवली पश्चिम के ठाकुरवाड़ी परिसर में स्थित श्रीराम अचल बिल्डिंग में रहते थे। अतुल श्रीकांत मोने अपने परिवार और दोस्तों के साथ कश्मीर के बेलगाम घूमने गए थे। जानकारी के अनुसार उनकी पत्नी और बेटी समेत कुल तीन परिवार वहां गए थे। अतुल मोने रेलवे में परेल वर्कशॉप में सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। हमले की खबर मिलते ही मोने के परिजन कश्मीर के लिए रवाना हो गए। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है, लेकिन इस हमले ने एक बार फिर घाटी की असुरक्षा और आतंकवाद की चुनौती को उजागर कर दिया है।
हवाई मार्ग से मुंबई लाया जाएगा शव
तीनों मृतकों के शव जल्द ही हवाई मार्ग से मुंबई लाकर उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। डोंबिवली में परिवार के सदस्य गमगीन हैं, वहीं स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठन श्रद्धांजलि दे रहे हैं। शहर के लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 39 पर्यटक घूमने गए थे जानकारी के अनुसार निसर्ग ट्रैवल्स, पनवेल से कुल 39 पर्यटक भी जम्मू-कश्मीर पर्यटन के लिए गए थे। इस घटना में पनवेल के खंडा कॉलोनी निवासी श्री दिलीप देसले की मौत हो गई है। इसके अलावा पनवेल निवासी श्री सुबोध पाटिल इस हमले में घायल हो गए हैं। (माणिक पाटिल सुबोध पाटिल की पत्नी हैं)। उन्हें एयरलिफ्ट करके श्रीनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। बाकी सभी पर्यटक सुरक्षित हैं।