न्यूयार्क अमेरिका। यूनाइटेड नेशन सिक्योरिटी काउंसिल(UNSC) प्रतिबंध समिति ने पाकिस्तान से जुड़े अब्दुल रहमान मक्की(Abdul Rehman Makki) को आतंकवादी घोषित किया है। यह आतंकवाद को रोकने के लिए UNSC द्वारा उठाया गया बड़ा कदम है। वहीं इस फैसले के बाद पाकिस्तान को अंतराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है। बता दें कि आतंकी अब्दुल रहमान मक्की मुंबई हमले के गुनहगार व आतंकी संगठन जमात- उद- दावा के प्रमुख हाफिज सईद का रिश्तेदार है। बताया जाता है कि रहमान मक्की का मुंबई आतंकवादी हमले में अहम भूमिका रहा है। 

 

दरअसल, इससे पहले जून महीने में अब्दुल रहमान मक्की(Abdul Rehman Makki) को भारत और अमेरिका के संयुक्त प्रस्ताव के बाद  UNSC के द्वारा मक्की को प्रतिबंधित सूची में डाला गया था, लेकिन उस वक्त चीन ने बचाव करते हुए इस प्रस्ताव पर रोक लगा दी। हालांकि इस बार चीन और पाकिस्तान वैश्विक दबाव के कारण ज्यादा कुछ कर नहीं पाए। इसके अलावा UNSC के पास मक्की के खिलाफ ग्लोबल आतंकी साबित करने के पुख्ता सबूत थे।

 

कौन है अब्दुल रहमान मक्की?

अब्दुल रहमानी मक्की एक ग्लोबल आंतकी चेहरा है। मक्की पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जमात-उद-दावा का प्रमुख सदस्य है। इसके अलावा मक्की पाकिस्तान इस्लामिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन अहल-ए-हदीस के अलावा लश्कर-ए-तोएबा में भी दबदबा रखता है।अब्दुल रहमानी मक्की को भारत में हुए मुंबई आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है। वह आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने, भर्ती करने और भारत में, विशेष रूप से जम्मू और कश्मीर में हमलों की योजना बनाने के लिए युवाओं को भर्ती करने और कट्टरपंथी जिम्मेदार रहा है। इसके अलावा वह अमेरिका द्वारा नामित विदेशी आतंकवादी संगठन (एफटीओ) लश्कर के भीतर विभिन्न नेतृत्व भूमिकाएं निभा रहा है।