India News (इंडिया न्यूज़), Shivaji Maharaj Coronation, नई दिल्ली: छत्रपति शिवाजी महाराज के राजतिलक के आज 350 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज ने गुलामी की मानसिकता खत्म की। शिवाजी महाराज ने हमेशा भारत की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा। आज ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के विजन में शिवाजी महाराज के विचारों का ही प्रतिबिंब देखा जा सकता है।”
PM मोदी ने शिवाजी महाराज को किया कोटि-कोटि नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक दिवस नई चेतना और नई ऊर्जा लेकर आया है। छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक उस कालखंड का एक अद्भुत और विशिष्ट अध्याय है। राष्ट्र कल्याण और लोक कल्याण उनकी शासन व्यवस्था के मूल तत्व रहे हैं। मैं आज छत्रपति शिवाजी महाराज के चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं।”
शिवाजी ने जन मानस में जगाया आत्मविश्वास- PM मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, “सैकड़ों वर्षों की गुलामी ने देशवासियों से उनका आत्मविश्वास छीन लिया था। ऐसे समय में लोगों में आत्मविश्वास जगाना एक कठिन कार्य था। उस दौर में छत्रपति शिवाजी महाराज ने न केवल आक्रमणकारियों का मुकाबला किया। बल्कि जन मानस में ये विश्वास भी कायम किया कि स्वयं का राज संभव है।”
Also Read: छेड़छाड़, बैड टच समेत बृजभूषण पर लगे ये आरोप, इन धाराओं में दर्ज हैं WFI अध्यक्ष पर FIR