India News (इंडिया न्यूज), New Waqf Law: वक्फ संशोधन विधेयक अब कानून बन गया है। संसद से पारित होने के बाद वक्फ संशोधन विधेयक राष्ट्रपति के पास भेजा गया था। जिसे राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हस्ताक्षर के साथ ही वक्फ विधेयक अब कानून बन गया है। अब पूरे देश में नया वक्फ कानून लागू होगा। फिर आगे की सारी प्रक्रियाएं उसके मुताबिक ही होंगी। मालूम हो कि वक्फ संशोधन विधेयक सबसे पहले लोकसभा में पेश किया गया था। जहां लंबी चर्चा के बाद वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 के समर्थन में 288 और विरोध में 232 वोट पड़े।
राष्ट्रपति की मंजूरी
फिर 3 अप्रैल को वक्फ बिल को राज्यसभा में पेश किया गया। राज्यसभा में भी इस संशोधन बिल पर लंबी चर्चा हुई। सत्ता पक्ष के नेताओं ने इस बिल की जरूरत बताई। जबकि विपक्ष ने इसे अल्पसंख्यकों के अधिकार छीनने वाला कानून बताया। लंबी बहस के बाद राज्यसभा में वक्फ संशोधन बिल 2025 के समर्थन में 128 वोट पड़े, जबकि इसके खिलाफ 95 वोट पड़े। दोनों सदनों में पेश होने के बाद इसे राष्ट्रपति के पास भेजा गया। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद अब इसका गजट प्रकाशित हो चुका है।