President in Sukhoi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज असम के तेजपुर वायुसेना अड्डे पर लड़ाकू विमान सुखोई फाइटर जेट में उड़ान भरी। यह किसी फाइटर जेट की उनकी पहली उड़ान थी। राष्ट्रपति ने सुखोई-30 MKI फाइटर जेट में को-पायलट की सीट पर बैठकर उड़ान पूरा किया। ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार तिवारी ने उनको सुखोई-30 MKI में लेकर उड़ान भरी। द्रौपदी मुर्मू के असम दौरे का आज आखिरी दिन है। वे 6 अप्रैल से असम के दौरे पर हैं।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति तीनों सेवाओं की सर्वोच्च कमांडर हैं। वायुसेना अड्डे पर राष्ट्रपति की आगवानी एयर मार्शल एस पी धारकर, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने की। सुखोई-30 MKI दो सीट वाला बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है। इसे रूसी कंपनी सुखोई ने विकसित किया है और इसका निर्माण लाइसेंस के तहत भारत के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने किया है।

पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने 2009 में भरी उड़ान

द्रौपदी मुर्मू से पहले पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल और रामनाथ कोविंद वायुसेना के फाइटर जेट्स में उड़ान भर चुके हैं। पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने 2009 में देश के इस अत्याधुनिक लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी।

गज उत्सव-2023 का उद्घाटन

राष्ट्रपति मुर्मू ने इससे पहले काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में गज उत्सव-2023 का उद्घाटन किया। बाद में गुवाहाटी में माउंट कंचनजंगा अभियान-2023 को झंडी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रपति मुर्मू गुवाहाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट के 75 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भी शामिल हुईं।

Also Read