Priyanka Gandhi On Atiq Murder: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की शनिवार (15 अप्रैल) देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या के समय दोनों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। तभी हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तीनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात के बाद उत्तर प्रदेश सरकार पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इस घटना के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
“न्यायिक प्रक्रिया से खिलवाड़ करना लोकतंत्र के लिए सही नहीं”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बिना नाम लिए इस हत्याकांड को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने कहा, “हमारे देश का क़ानून संविधान में लिखा गया है, यह क़ानून सर्वोपरि है। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, मगर देश के क़ानून के तहत होनी चाहिए। किसी भी सियासी मक़सद से क़ानून के राज और न्यायिक प्रक्रिया से खिलवाड़ करना या उसका उल्लंघन करना हमारे लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।”
“सख्ती से क़ानून लागू होना चाहिए”
प्रियंका गांधी ने कहा, “जो भी ऐसा करता है, या ऐसे करने वालों को सरंक्षण देता है। उसे भी ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए और उस पर भी सख्ती से क़ानून लागू होना चाहिए। देश में न्याय व्यवस्था और कानून के राज का इकबाल बुलंद हो, यही हम सबकी कोशिश होनी चाहिए।”