India News (इंडिया न्यूज),Bajinder Singh:2018 के रेप केस में पैगम्बर बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। मोहाली कोर्ट ने सजा का ऐलान कर दिया है। बजिंदर पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था। बजिंदर सिंह हरियाणा के यमुनानगर के रहने वाले हैं और जालंधर में चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम के संस्थापक हैं। वह खुद को ईसा मसीह का संदेशवाहक बताते हैं और चमत्कारिक तरीके से इलाज करने का दावा करते हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह मारपीट करते नजर आ रहे थे।
पीड़िता ने किया बड़ा दावा
महिला ने पैगम्बर बजिंदर सिंह पर रेप का आरोप लगाया था। पीड़िता का दावा है कि पादरी बजिंदर सिंह ने मोहाली में अपने घर पर उसके साथ रेप किया और घटना की रिकॉर्डिंग करके उसे ब्लैकमेल करने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया था कि आरोपी ने धमकी दी थी कि अगर वह उसकी मांगें नहीं मानेगी तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देगा।
मारपीट का मामला दर्ज
हाल ही में पुलिस ने पादरी के खिलाफ मारपीट और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया था। कुछ दिन पहले पादरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित तौर पर एक महिला से बहस कर रहा था और उसे थप्पड़ मार रहा था। इस दौरान वह पहले महिला पर किताब फेंकता है और फिर उसके पास जाकर उसकी पिटाई करता है। पादरी के खिलाफ ऐसे कई मामले दर्ज हैं।
कौन हैं पादरी बजिंदर सिंह?
पादरी बजिंदर सिंह का जन्म हरियाणा के यमुनानगर में एक जाट परिवार में हुआ था। वह पहले भी हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। जेल में पादरी के संपर्क में आने के बाद बजिंदर सिंह ने अपना धर्म बदल लिया। फिलहाल बजिंदर जालंधर जिले के एक चर्च में पादरी हैं।इसके साथ ही वह चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम के संस्थापक भी हैं। पादरी खुद को ईसा मसीह का दूत बताते हैं, जिनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, इन वायरल वीडियो की मदद से उन्हें काफी पहचान भी मिली।