India News (इंडिया न्यूज), AAP News: दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार के बाद अरविंद केजरीवाल का मिशन पंजाब शुरू हो गया है। केजरीवाल ने साल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। आप सुप्रीमो ने दिल्ली चुनाव में कांग्रेस से मिले जख्मों का बदला पंजाब में लेने की योजना भी तैयार कर ली है। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस पार्टी की वजह से आप को कम से कम 14 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। हालांकि दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही केजरीवाल ने मीडिया से दूरी बना रखी है। हां, दिल्ली की हार के बाद शनिवार को उनका एक वीडियो संदेश जरूर आया।
आप में दिखेगा बड़ा बदलाव
आप सूत्रों की मानें तो दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल पंजाब को लेकर काफी डरे और चिंतित नजर आ रहे हैं। ऐसे में वह पार्टी संगठन में बड़े बदलाव करने के साथ ही एक गुप्त योजना तैयार कर रहे हैं। आप सूत्रों की मानें तो अरविंद केजरीवाल को लगता है कि, आने वाले दिनों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां पंजाब को लेकर भ्रामक खबरें जनता के सामने लाएगी। ऐसे में पंजाब के विधायकों के साथ-साथ वहां के नेताओं से भी संवाद करना जरूरी है। आपको बता दें कि दिल्ली चुनाव में आप की हार के बाद भाजपा समेत विपक्षी दल पंजाब से सीएम भगवंत मान को बदलने की बात कर रहे हैं। वहीं आप नेताओं की मानें तो वे झूठा प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में बहुत जल्द पार्टी में बदलाव किए जाएंगे।
आप की राजनीतिक मामलों की समिति में बदलाव?
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जल्द ही पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति और राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक बुला सकते हैं। पार्टी की बैठक फरवरी के आखिरी या मार्च के पहले हफ्ते में बुलाई जा सकती है। आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति में फिलहाल 12 सदस्य हैं। इसमें अरविंद केजरीवाल के अलावा आतिशी, संदीप पाठक, दुर्गेश पाठक, गोपाल राय, इमरान हुसैन, मनीष सिसोदिया, एनडी गुप्ता, पंकज गुप्ता, राघव चड्ढा, राखी बिड़लान और संजय सिंह शामिल हैं। लेकिन, कहा जा रहा है कि इसमें चार-पांच चेहरे बदले जाएंगे। इनकी जगह कुछ नए चेहरे लाने की बात चल रही है। इसी तरह राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के 31 सदस्यों में भी कई चेहरे बदले जा सकते हैं।
क्या है आप का आगे का प्लान?
आम आदमी पार्टी के सूत्रों की मानें तो अरविंद केजरीवाल पंजाब के साथ-साथ बिहार में भी संगठन को मजबूत करना चाहते हैं। अरविंद केजरीवाल राहुल गांधी की तर्ज पर पूरे देश का दौरा करने की बात भी कह रहे हैं। केजरीवाल आम आदमी पार्टी के नारे देशभक्ति, ईमानदारी और इंसानियत को लेकर मणिपुर का दौरा भी कर सकते हैं। आम आदमी पार्टी कई राज्यों के संगठन में भी बड़ा बदलाव कर सकती है। आम आदमी पार्टी अगले छह महीने में राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करने जा रही है। पार्टी नेताओं की मानें तो आने वाले दिनों में पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों को पार्टी में जगह दी जाएगी।
आम आदमी पार्टी कुछ बड़े वकीलों, आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को पार्टी में शामिल करने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी पर लगे भ्रष्टाचार के दाग को धोने के लिए कोर्ट की मदद भी ली जा सकती है। इसके साथ ही पार्टी कुछ वरिष्ठ नौकरशाहों को पार्टी में शामिल करके इस दाग को धोने की कोशिश करेगी।